संवाददाता@संदीप अग्रहरी…..

विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को म्योरपुर ब्लॉक के ग्राम सभा बभनडीहा स्थित जय बड़ा देव स्थल पर जय बड़ा देव सेवा ट्रस्ट की ओर से भव्य आदिवासी दिवस जुलूस म्योरपुर पूरे कस्बे में निकाला गया। जुलूस में हजारों की संख्या में आदिवासी समाज के लोग शामिल हुए। पारंपरिक वेशभूषा, गीत-संगीत और उत्साह के साथ निकले जुलूस से पूरा क्षेत्र आदिवासी संस्कृति के रंग में रंगा नजर आया।

जुलूस में डीजे की धुन पर आदिवासी समाज के लोगों ने पारंपरिक गीतों पर उत्साह के साथ नृत्य किया। जगह-जगह लोगों ने अपनी संस्कृति और परंपराओं की झलक प्रस्तुत की। जुलूस के दौरान आदिवासी समाज की एकता और अधिकारों को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में अतिथि के रूप में समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव गोड़ एवं सांसद छोटेलाल खरवार, राज्य मंत्री जीत सिंह खरवार, पूर्व विधायक हरिराम चेरो, ब्लॉक प्रमुख मान सिंह गोंड, जिला पंचायत सदस्य सुषमा सिंह गोंड, बसपा दुद्धी विधानसभा प्रभारी संजय गोड़ धुर्वे, भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष मोहर लाल खरवार, भाजपा मंडल अध्यक्ष रंजीत पनिका उमाशंकर सिंह उर्फ बबई मरकाम, तथा जय बड़ा देव सेवा ट्रस्ट के संस्थापक जय मंगल उरेती सहित अन्य जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अतिथियों ने विश्व आदिवासी दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए आदिवासी समाज के लोगों को अपनी संस्कृति, परंपरा और पहचान को बनाए रखने के लिए जागरूक किया। वक्ताओं ने शिक्षा, सामाजिक एकजुटता और आदिवासी हितों से जुड़े विषयों पर भी अपने विचार रखे।

ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की संस्कृति, अधिकारों और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को लेकर जागरूकता का दिन भी है। कार्यक्रम के माध्यम से समाज के लोगों को एकजुट होकर शिक्षा और विकास की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया गया।
विश्व आदिवासी दिवस के मौके पर आयोजित इस भव्य जुलूस में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही। पारंपरिक गीत-संगीत और उत्साह के बीच निकला जुलूस क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।







