मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन….

उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन सोनभद्र के पदाधिकारियों ने रविवार को लोढ़ी स्थित खुशबू बाग नर्सरी में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष नितिन अग्रवाल के जन्मदिन के अवसर पर वृक्षारोपण किया। इस दौरान संगठन के जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा ने कहा कि वृक्ष बचेंगे तो जीवन बचेगा और प्रकृति बचेगी तो भविष्य सुरक्षित रहेगा।

कौशल शर्मा ने कहा कि जन्मदिन मनाने का यह आयोजन केवल खुशी का अवसर नहीं, बल्कि धरती पर एक सुंदर संकल्प रोपित करने का भी अवसर है। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल मिट्टी में लगाया गया पौधा नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवन की अमूल्य विरासत है। आज लगाया गया पौधा भविष्य में राहगीरों को छाया, पक्षियों को आश्रय और वातावरण को स्वच्छ वायु देगा।

उन्होंने कहा कि किसी भौतिक उपहार की तुलना में पौधा लगाकर जन्मदिन को प्रकृति, पर्यावरण और समाज की सेवा से जोड़ना अधिक सार्थक है। व्यापारी समाज केवल व्यापार और आर्थिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक सरोकारों में भागीदारी निभाना भी उसकी जिम्मेदारी है।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि सोनभद्र प्राकृतिक संपदा, पहाड़, वन और जलस्रोतों से समृद्ध जनपद है। ऐसे में विकास के साथ प्रकृति संरक्षण की जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है। उन्होंने व्यापारी बंधुओं से पौधारोपण के साथ उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर प्रीतपाल सिंह, शरद जायसवाल, राजेश जायसवाल, नागेंद्र मोदनवाल, दीप सिंह पटेल, अभिषेक केसरी, पंकज कनोडिया, अभिषेक साहू, अमित अग्रवाल, जसकीरत सिंह, सूर्या जायसवाल, विनय जायसवाल सहित अन्य पदाधिकारी व व्यापारी मौजूद रहे।








