Last Updated:
वर्ल्ड U20 चैंपियनशिप में आशीष यादव ने दमदार खेल दिखाते हुए भालाफेंक प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल अपने नाम किया. वर्ल्ड U20 चैंपियनशिप में भालाफेंक में मेडल जीतने वाले सिर्फ दूसरे भारतीय बने हैं. आशीष से पहले नीरज चोपड़ ने इस इवेंट में कमाल किया था. नीरज ने साल 2016 में पोलैंड में 86.48 मीटर का रिकॉर्ड थ्रो के साथ गोल्ड मेडल जीता था.
आशीष यादव ने जीता सिल्वर मेडल
यूजीन: विश्व एथलेटिक्स अंडर 20 चैम्पियनशिप में आशीष यादव ने सिल्वर मेडल जीतकर कमाल कर दिया. पुरूषों के भालाफेंक प्रतियोगिता से आशीष ने भारत के लिए मेडल का खाता खोला जबकि नेशनल सीनियर रिकॉर्डधारी पूजा सिंह ने महिलाओं की ऊंची कूद के फाइनल में जगह बनाई. आशीष यादव ने तीसरे दौर में 74.09 मीटर का थ्रो फेंककर सिल्वर मेडल हासिल किया. वहीं भारत के टी धरणीधरन 72.35 मीटर के थ्रो के साथ छठे स्थान पर रहे.
आशीष यादव अपने सर्वश्रेष्ठ निजी प्रदर्शन से 40 सेमी पीछे रह गए. उन्होंने मार्च में पटियाला में इंडियन ओपन थ्रो प्रतिस्पर्धा में 74.49 मीटर का थ्रो फेंका था. 19 वर्ष के यादव दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा के बाद इस स्पर्धा में पदक जीतने वाले दूसरे भारतीय बन गए. नीरज चोपड़ा ने 2016 में पोलैंड में 86.48 मीटर के विश्व जूनियर रिकॉर्ड के साथ गोल्ड मेडल जीता था. यह रिकॉर्ड आज भी उनके नाम है. दक्षिण अफ्रीका के जान हेंड्रिक हेमैंस ने 80.50 मीटर के थ्रो के साथ गोल्ड मेडल जीता.
पूजा सिंह महिलाओं की ऊंची कूद के फाइनल में
एक दिन पहले पुरूषों की 400 मीटर हीट के पहले दौर में अंडर 20 राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ने वाले मोहम्मद अशफाक फाइनल में 46.20 सेकंड का समय निकालकर आठवें स्थान पर रहे. अमेरिका के जेडेन डेलोन ने 44.47 सेकंड के साथ स्वर्ण और उनके हमवतन किंसी विल्सन ने 44.62 मीटर के साथ रजत पदक जीता. दक्षिण अफ्रीका के लीन्डर्ट के को कांस्य पदक मिला. महिलाओं की ऊंची कूद में पूजा ने 1.79 मीटर के साथ फाइनल में जगह बनाई. दोनों क्वालीफिकेशन ग्रुप से 1.79 मीटर की बाधा पार करने वाले को फाइनल में जगह मिली.
पुरूषों की लंबी कूद में शाहनवाज खान और जितिन अर्जुन ने फाइनल में जगह बना ली. शाहनवाज क्वालीफिकेशन ग्रुप ए में 7.79 मीटर की कूद के साथ चौथे और कुल पांचवें स्थान पर रहे जबकि जितिन 7.57 मीटर की कूद लगाकर 12वें स्थान पर रहे. महिलाओं की भालाफेंक स्पर्धा में पूनम अपने क्वालीफिकेशन ग्रुप में आठवें और कुल 13वें स्थान के साथ फाइनल में जगह नहीं बना सकी.
About the Author

जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. वर्तमान में वह नेटवर्क 18 समूह के साथ बतौर चीफ सब एडिटर जुड़े हैं और हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में अपनी…
और पढ़ें









