मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…..
— 270 युवाओं ने लिया भाग, आठ निजी कंपनियों ने किए साक्षात्कार

जिला सेवायोजन कार्यालय, सोनभद्र द्वारा शुक्रवार को खुशबू बाग नर्सरी रोड स्थित जिला सेवायोजन कार्यालय परिसर में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में लगभग 270 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जबकि विभिन्न निजी कंपनियों ने साक्षात्कार लेकर कुल 94 अभ्यर्थियों का चयन किया।
रोजगार मेले में विजन इंडिया प्रा. लि. (हिंडालको इंडस्ट्रीज), विश्वनाथ इंटरप्राइज (रॉयल एनफील्ड), जूनो फूड एप, ग्लोबल ऑटोटेक लिमिटेड नोएडा, फ्लिपकार्ट, क्रेडिट एक्सीस ग्रामीण लिमिटेड, सुलेरा इंडस्ट्रीज तथा वज्र एलईडी सोल्यूशन प्रा. लि. सहित आठ कंपनियों ने भाग लिया। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया।

जिला सेवायोजन अधिकारी विवेक साहू ने बताया कि जिला रोजगार कार्यालय समय-समय पर रोजगार मेलों का आयोजन करता है, जिससे जनपद के शिक्षित बेरोजगारों को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर मिल सकें।

उन्होंने कहा कि ऐसे मेलों का उद्देश्य युवाओं को अपने गृह जनपद में ही रोजगार उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें रोजगार की तलाश में अन्य जिलों या राज्यों का रुख न करना पड़े। इस अवसर पर जिला सेवायोजन कार्यालय के सच्चिदानंद, रोजगार मेला प्रभारी पवन कुमार सोनकर, प्रदीप सिंह, यंग प्रोफेशनल सुरेंद्र प्रजापति सहित कार्यालय के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।








