@जे0 के0…..

Sonbhadra। राबर्ट्सगंज नगर क्षेत्र में सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर लगने वाले ठेले, पटरी दुकानों एवं अन्य स्ट्रीट वेंडरों को अब व्यवस्थित स्थान मिलने की उम्मीद जगी है। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) ने कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के तहत ओवरब्रिज के नीचे आधुनिक वेंडर जोन विकसित करने की परियोजना को मंजूरी दी है। परियोजना के लिए एनसीएल की ओर से 89 लाख 59 हजार 838 रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि परियोजना पूरी होने के बाद सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर दुकान लगाने वाले स्ट्रीट वेंडरों को निर्धारित, सुरक्षित एवं व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराया जा सकेगा। इससे उनकी आजीविका को स्थायित्व मिलने के साथ ही नगर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था, पैदल आवागमन, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण में सुधार होगा।

परियोजना का क्रियान्वयन एनसीएल मुख्यालय के सीएसआर विभाग और जिला प्रशासन के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) के माध्यम से किया जाएगा। स्वीकृत धनराशि निर्धारित प्रक्रिया के तहत चरणबद्ध रूप से जारी की जाएगी। परियोजना की प्रगति और पूर्णता से संबंधित उपयोगिता प्रमाण-पत्र, पूर्णता प्रमाण-पत्र तथा जियो-टैग्ड फोटोग्राफ समेत आवश्यक अभिलेख भी प्रस्तुत किए जाएंगे।

एनसीएल ने उप प्रबंधक सीडी राजाराम यादव को परियोजना प्रबंधक नामित किया है। परियोजना को मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन के समन्वित प्रयासों से जिले में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। वेंडर जोन के निर्माण से जहां स्ट्रीट वेंडरों को सम्मानजनक और सुरक्षित आजीविका का स्थान मिलेगा, वहीं रॉबर्ट्सगंज नगर क्षेत्र को अधिक व्यवस्थित और सुविधायुक्त बनाने में भी मदद मिलेगी।







