@जे0 के0…….

Sonbhadra। चोपन थाना क्षेत्र के रेडियां इलाके में सोन नदी किनारे एक अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव खदान के समीप दलदली मिट्टी में फंसा हुआ था और काफी सड़ी-गली अवस्था में होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को क्षेत्र में मवेशी चरा रहे चरवाहों और कुछ बच्चों ने सबसे पहले दलदल में शव फंसा देखा। उन्होंने इसकी सूचना ग्रामीणों को दी, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों की सूचना पर चोपन पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जेसीबी की मदद से शव को दलदली मिट्टी से बाहर निकलवाया।

पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लोढ़ी भेज दिया। प्रारंभिक जांच में शव काफी क्षतिग्रस्त एवं सड़ी-गली अवस्था में मिला, जिससे मृतका की पहचान नहीं हो सकी।

स्थानीय ग्रामीणों का अनुमान है कि शव सोन नदी के बहाव के साथ बहकर घटनास्थल तक पहुंचा होगा और दलदली मिट्टी में फंस गया। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि मृतका की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।






