राहुल गांधी ने नीट परीक्षा मामले में पुलिस कार्रवाई के खिलाफ पीएम आवास पर प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन को लेकर आम आदमी पार्टी ने राहुल गांधी पर निशाना साधा। आम आदमी पार्टी ने राहुल पर गंभीर आरोप भी लगा दिए।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने नीट परीक्षा मामले को लेकर प्रदर्शन कर रहे युवाओं के खिलाफ पुलिस कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को प्रधानमंत्री आवास के निकट धरना दिया। उनके साथ कई अन्य कांग्रेस नेता भी मौजूद रहे। राहुल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इस्तीफे की मांग की। धरना समाप्त नहीं हुआ तो पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत अन्य नेताओं को हिरासत में लिया और बस में बैठाकर ले गई। CJP के प्रदर्शन के बीच राहुल की एंट्री संभवत: आम आदमी पार्टी को रास नहीं आई। उसने राहुल पर गंभीर आरोप लगाए।
राहुल गांधी की हरकतें…
कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर AAP नेता अनुराग ढांडा ने कहा कि राहुल गांधी की हरकतें साफ तौर पर मिलीभगत की ओर इशारा करती हैं। कांग्रेस और राहुल गांधी ने शुरू से ही इस छात्र आंदोलन का विरोध किया है। कांग्रेस के सदस्यों ने लगातार इस आंदोलन को बदनाम किया है। कांग्रेस नेताओं ने अलग-अलग तरीकों से इस छात्र आंदोलन को कमजोर करने की कोशिशें की हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने ही राहुल को बुलाया
आम आदमी पार्टी ने कहा कि परेशान छात्रों का साथ देने या जंतर-मंतर पर हो रहे विरोध प्रदर्शन को मजबूत करने के बजाय राहुल गांधी इस मुद्दे से लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं। यह मिलीभगत का नतीजा है। असल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ही राहुल गांधी को अपने घर के बाहर धरना देने के लिए बुलाया है।
ध्यान भटकाने की कोशिश
AAP नेता अनुराग ढांडा ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री ने मीडिया को इस घटना को बड़े पैमाने पर कवर करने का निर्देश दिया है। यह जंतर-मंतर पर घायल हुए सैकड़ों छात्रों के प्रदर्शन से ध्यान भटकाने की एक सोची-समझी कोशिश है। पहले भी राहुल गांधी प्रधानमंत्री मोदी को बचाने के लिए आगे आ चुके हैं।
पीएम मोदी को बचाने आ गए थे राहुल
AAP नेता अनुराग ढांडा ने यह भी कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच टकराव के दौरान जब पूरा देश पीएम मोदी से सवाल कर रहा था कि जब हमारी सेना जीत रही थी तो सीजफायर क्यों घोषित किया गया, तब राहुल गांधी पीएम मोदी को बचाने के लिए आगे आए थे। राहुल गांधी ने तब पूछा था कि यह बताएं कि हमारे कितने विमान मार गिराए गए।
भाजपा ने पहले भी राहुल का किया इस्तेमाल
आम आदमी पार्टी अनुराग ढांडा ने कहा कि राहुल गांधी के इस सवाल से पूरा मुद्दा ही भटक गया। भाजपा ने पहले भी राहुल गांधी का इस्तेमाल किया है। ऐसे में मुझे लगता है कि ध्यान भटकाने के लिए फिर से राहुल गांधी का इस्तेमाल किया जा रहा है।
मोदी सरकार और कांग्रेस की जुगलबंदी
आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने भी निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी को प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरना देने की इजाजत कैसे मिल गई जबकि सरकार ने CJP के महीने भर से जारी प्रदर्शन के बावजूद बात करने से भी इनकार कर दिया था। यही नहीं एक घंटे में ही मोदी सरकार ने कांग्रेस नेताओं से बातचीत भी शुरू कर दी। वाह, क्या जुगलबंदी है।
आंदोलन को कमजोर करने का लगाया आरोप
वहीं आप के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने राहुल गांधी पर आंदोलन को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि CJP के प्रदर्शन को कमजोर करने के लिए पीएम मोदी ने राहुल गांधी से अपने ही आवास पर विरोध-प्रदर्शन करवाया।
CJP के प्रदर्शन को कमजोर करने की कोशिशें
आप की दिल्ली यूनिट के प्रमुख सौरभ भारद्वाज ने भी कांग्रेस पर हमला करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता आंदोलन पर चुप हैं। यही नहीं कांग्रेस के सोशल मीडिया हैंडल और उनसे जुड़े इन्फ्लुएंसर CJP के प्रदर्शन को कमजोर करने की कोशिशें भी कर रहे हैं।
AAP-कांग्रेस के बीच खींचतान के संकेत
गौरतलब है कि कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) जंतर-मंतर पर छात्रों के मुद्दे को लेकर प्रदर्शन कर रही है। इस विरोध प्रदर्शन को अरविंद केजरीवाल समेत APP के अन्य नेता लगातार सपोर्ट कर रहे हैं। भाजपा ने तो CJP को आम आदमी पार्टी का ही मुखौटा तक करार दिया है। अब अनुराग ढांडा समेत AAP के अन्य नेताओं के राहुल गांधी पर हमले से कांग्रेस और आप में खींचतान साफ नजर आने लगी है।







