Last Updated:
Manpreet Kaur Farmer Daughter: पंजाब के किसान परिवार से आने वाली शॉट पुट एथलीट मनप्रीत कौर ने एशियन गेम्स 2026 में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम कीं. 36 वर्षीय मनप्रीत ने महिला शॉट पुट स्पर्धा के फाइनल में 17.17 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ कांस्य पदक जीती. 2017 में लगे चार साल के डोपिंग बैन और लंबे संघर्ष के बाद, बैंकॉक 2023 एशियन चैंपियनशिप में कांस्य जीतने वाली मनप्रीत की यह जीत उनके अटूट हौसले और कड़ी मेहनत की शानदार मिसाल है.
मनप्रीत कौर ने शॉट पुट में भारत को दिलाया ब्रॉन्ज मेडल.
नई दिल्ली. भारतीय एथलेटिक्स इतिहास में कई ऐसे नाम दर्ज हैं, जिनकी राह में बाधाएं तो कई आईं, लेकिन उनके कदमों की रफ्तार कभी कम नहीं हुई. पंजाब के एक साधारण किसान परिवार से निकलकर एशियन गेम्स के मंच तक का सफर तय करने वाली शॉट पुट एथलीट मनप्रीत कौर भी एक ऐसी ही मिसाल हैं. एशियन गेम्स 2026 में 36 वर्षीय मनप्रीत कौर ने भारत के लिए कांस्य पदक जीतकर अपना सालों पुराना इंतजार खत्म कर दिया.एशियन गेम्स में इस इवेंट में मेडल जीतने वाली मनप्रीत तीसरी भारतीय महिला एथलीट हैं. इस एशियन गेम्स में यह भारत का ओवरऑल 21वां मेडल है.
पंजाब की मिट्टी में जन्मी मनप्रीत कौर (Manpreet Kaur) के पिता एक किसान थे. ग्रामीण पृष्ठभूमि से होने के कारण उनका शुरुआती जीवन बेहद संघर्षपूर्ण रहा. सीमित संसाधनों और सुविधाओं के अभाव के बावजूद उनके इरादे बुलंद थे. पिता के संघर्ष और मेहनत को देखकर पली-बढ़ी मनप्रीत ने खेल के मैदान को अपनी पहचान बनाने का जरिया चुना. गोला फेंक जैसे ताकत और तकनीक वाले खेल में उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत के दम पर बहुत जल्द राष्ट्रीय स्तर पर अपनी धाक जमा ली.
बैन का दौर और शानदार वापसी
मनप्रीत का करियर जहां शानदार सफलताओं से भरा रहा, वहीं उन्हें अपनी जिंदगी के सबसे कठिन दौर से भी गुजरना पड़ा. 2017 में डोपिंग परीक्षण में असफल होने के बाद उन पर चार साल का प्रतिबंध लगा दिया गया था. किसी भी एथलीट के लिए चार साल तक मैदान से दूर रहना उसके करियर के अंत जैसा होता है. कई लोगों को लगा कि मनप्रीत का खेल करियर अब खत्म हो चुका है, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी. बैन के इस मुश्किल दौर में भी उन्होंने खुद को मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत रखा और अपनी वापसी की तैयारी करती रहीं.
बैन समाप्त होने के बाद जब उन्होंने मैदान पर वापसी की, तो उनका लक्ष्य सिर्फ खेलना नहीं, बल्कि खुद को दोबारा साबित करना था. उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर शानदार प्रदर्शन कर अपनी वापसी का बिगुल बजाया. बैंकॉक में आयोजित 2023 एशियन चैंपियनशिप में मनप्रीत कौर ने भारत के लिए कांस्य पदक जीता था, जिसने उनके आत्मविश्वास को नए शिखर पर पहुंचा दिया. इसके अलावा, राष्ट्रीय स्तर पर उनके नाम कई रिकॉर्ड दर्ज रहे हैं और वह लंबे समय से भारतीय शॉट पुट टीम की मुख्य स्तंभ रही हैं.
एशियन गेम्स 2026 में पदक जीत का सफर
एशियन गेम्स 2026 की महिला शॉट पुट स्पर्धा का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा. इस खिताबी मुकाबले में मनप्रीत कौर ने शुरुआत से ही अपनी मंशा साफ कर दी थी. उन्होंने अपने पहले प्रयास में 16.32 मीटर की दूरी तय की. इसके बाद अपने प्रदर्शन में सुधार करते हुए दूसरे प्रयास में 16.41 मीटर और तीसरे प्रयास में 16.80 मीटर का गोला फेंका.
मुकाबला जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा था, मनप्रीत की लय और बेहतर होती जा रही थी. अपने चौथे प्रयास में उन्होंने अपने अनुभव और ताकत का शानदार प्रदर्शन करते हुए 17.17 मीटर की दूरी नापी और 17 मीटर के आंकड़े को पार कर लिया. उनका यही 17.17 मीटर का थ्रो उन्हें पॉडियम फिनिश दिलाने और भारत की झोली में कांस्य पदक डालने के लिए निर्णायक साबित हुआ. इसके बाद उन्होंने अपने पांचवें प्रयास में 16.75 मीटर की दूरी दर्ज की और उनका छठा व अंतिम प्रयास फाउल रहा. लेकिन चौथे प्रयास के शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने कांस्य पदक पर अपना कब्जा जमा लिया.
युवा खिलाड़ियों के लिए मिसाल
36 वर्ष की उम्र में, जहां कई खिलाड़ी संन्यास के बारे में सोचने लगते हैं, मनप्रीत कौर ने अपने इस प्रदर्शन से यह साबित कर दिया कि समर्पण और दृढ़ संकल्प के आगे उम्र महज एक आंकड़ा है. डोपिंग बैन के कलंक को पीछे छोड़ते हुए और एक किसान की बेटी से अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता बनने तक का उनका यह सफर भारत की आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी प्रेरणा है.
About the Author

कमलेश कुमार राय नेटवर्क18 ग्रुप में बतौर चीफ सब एडिटर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. वह बीते 15 सालों से खेल पत्रकारिता की पिच पर डटे हुए हैं. हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में वह खेल कंटेंट की गहरी समझ, सटीक विश्लेषण और ब…
और पढ़ें
