मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

सेवा संकल्प अभियान के तहत जिलेभर के आंगनबाड़ी केंद्रों पर शुक्रवार को गोद भराई कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान गर्भवती महिलाओं को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, संतुलित पोषण तथा गर्भावस्था के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में जानकारी दी गई।

इसी क्रम में रॉबर्ट्सगंज नगर के शिवाजी मिनी स्टेडियम में भी गोद भराई कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष पुष्पा सिंह रहीं। उन्होंने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म पूरी कर उनके स्वस्थ प्रसव और जच्चा-बच्चा के बेहतर स्वास्थ्य की कामना की।

कार्यक्रम में महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान पौष्टिक आहार लेने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार आवश्यक सावधानियां बरतने के लिए जागरूक किया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की ओर से पोषण से संबंधित जानकारी भी साझा की गई।
जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीत कुमार सिंह ने बताया कि 25 सितंबर को जनपद के प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर गोद भराई कार्यक्रम आयोजित किया गया।


विभाग की ओर से तीन दिवसीय उत्सव एवं संवाद कार्यक्रम के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, आशा बहुओं और उत्कृष्ट लाभार्थी माताओं के सम्मान सहित विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की जानी हैं।

इस दौरान पोषाहार से तैयार व्यंजनों और उनमें मौजूद पोषक तत्वों की जानकारी देने के साथ बच्चों के लिए कॉमिक बुक, पौष्टिक फल, मिठाई और अतिरिक्त पोषाहार सामग्री वितरित करने की व्यवस्था की गई है। हेल्दी बेबी प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी।

कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीत कुमार सिंह, सीडीपीओ अनुराग त्रिपाठी, वार्ड नं 18 सभासद नेहा सोनी, प्रमिला तिवारी, शकुंतला सिंह, ज्ञानवती, बिन्दा वर्मा, राजश्री सोनी सहित अन्य उपस्थित थे।

