राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस: चार्जशीट से हटीं धारा 305 और 306, आरोपियों ने वापस ली जमानत याचिका
अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में एक नया कानूनी घटनाक्रम सामने आया है. आरोपी सुभाष श्रीवास्तव और रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव के लीगल काउंसिल कुल शेखर सिंह ने अदालत में उनकी मौजूदा जमानत याचिका को ‘नॉट प्रेस’ करते हुए वापस ले लिया है. इसका मुख्य कारण यह है कि विवेचक द्वारा दाखिल आरोप पत्र (चार्जशीट) में से एफआईआर में दर्ज धारा 305 और 306 को हटा दिया गया है. धाराओं में हुए इस बड़े बदलाव के कारण अब बचाव पक्ष की ओर से कोर्ट में नई जमानत याचिका दाखिल की जाएगी. इस स्थिति को देखते हुए अब यह भी प्रबल संभावना जताई जा रही है कि जिन अन्य छह आरोपियों की जमानत याचिकाएं पहले खारिज हो चुकी हैं, वे भी चार्जशीट से ये धाराएं हटने का लाभ उठाते हुए नए सिरे से अपनी बेल एप्लीकेशन डाल सकते हैं.
आगरा में बहन की बीमारी का बहाना बनाकर ठगी, फर्जी रिपोर्ट दिखाकर मांगता था पैसे
आगरा के बाह थाना क्षेत्र में 12 साल की बहन को गंभीर बीमारी होने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने का मामला सामने आया है. आरोप है कि युवक बहन को ग्लूकोमा और विट्रियस हेमरेज जैसी बीमारी बताकर फर्जी पर्चे और जांच रिपोर्ट दिखाता था और आर्थिक मदद के नाम पर पैसे मांगता था. वह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के जरिए भी लोगों को मैसेज करता था. शिकायत मिलने पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. मामले में थाना बाह पुलिस कार्रवाई कर रही है.
हरदोई में प्रेमी युगल के शव पेड़ पर फंदे से लटके मिले, मौत से पहले WhatsApp पर लगाया था स्टेटस
हरदोई के अतरौली थाना क्षेत्र के सारंगपुर गांव में दो नाबालिगों के शव एक ही पेड़ की डाल पर फांसी के फंदे से लटके मिले. बताया जा रहा है कि मौत से पहले युवक ने WhatsApp पर “मेरी मौत हो चुकी है, देख लो आकर” स्टेटस लगाया था. परिजनों ने सोशल मीडिया पोस्ट देखने के बाद दोनों की तलाश शुरू की. बारिश के बीच पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लिया और पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
आजम खान के फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मामले में SC में सुनवाई, सजा पर रोक को लेकर कोर्ट ने पूछा सवाल
सुप्रीम कोर्ट में आजम खान के फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मामले की सुनवाई हुई. कोर्ट ने पूछा कि इस स्तर पर आजम खान की सजा पर रोक लगाने की जरूरत क्यों है? वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने कहा कि चुनाव चल रहे हैं, इसलिए सजा पर रोक जरूरी है. सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि हाईकोर्ट के आदेश में सजा पर रोक लगाने के कारण दर्ज नहीं किए गए थे. सिब्बल ने जवाब दिया कि हाईकोर्ट के आदेश में इसके कारण मौजूद हैं और फर्जी जन्म प्रमाण पत्र के लिए आजम खान को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता. कोर्ट ने सजा पर रोक से जुड़े संविधान पीठ के अफजल अंसारी फैसले को देखने को कहा. मामले की अगली सुनवाई 29 सितंबर को होगी.
आगरा के यूट्यूबर पीयूष मल्होत्रा पर मुकदमा, घर में घुसकर मारपीट का आरोप
आगरा के मशहूर यूट्यूबर पीयूष मल्होत्रा एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं. उनके खिलाफ थाना सिकंदरा में घर में घुसकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है. पीड़ित मनीष कमल की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया है. पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है.
जौनपुर में बैंक मैनेजर ने चलती कार में गोली मारी, मौत
जौनपुर में यूनियन बैंक के मैनेजर ने गुरुवार देर रात सुसाइड कर लिया. उन्होंने चलती कार में दिल के पास तमंचा सटाया और गोली मार ली. बुलेट पीठ को चीरते हुए सीट में जा धंसी. गोली लगने के बाद टाटा सिएरा कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई. राहगीर-आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. कार का शीशा तोड़कर मैनेजर को बाहर निकाला. उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई. पुलिस को कार से सुसाइड नोट मिला है. घटना जिला मुख्यालय से 15 किमी दूर बक्शा थाना क्षेत्र के प्रभु ढाबा के पास हुई. 40 साल के दुर्गेश श्रीवास्तव लखनऊ के गुडंबा के रहने वाले थे. वह जौनपुर शहर के वन विहार इलाके में पत्नी रचना के साथ रहते थे. उनकी तैनाती शहर से 30 किमी दूर सुजानगंज थाना क्षेत्र की सराय पड़री ब्रांच में थी. पत्नी रचना ने बताया- वह एक हफ्ते से तनाव में थे. हमने वजह पूछी, लेकिन उन्होंने कुछ नहीं बताया था.
फेमस अमेरिकी यूट्यूबर मिस्टर बीस्ट पहुंचे ताजमहल
दुनिया के चर्चित यूट्यूबर्स में शामिल अमेरिकी यूट्यूबर मिस्टर बीस्ट यानी जिमी डोनाल्डसन ने गुरुवार दोपहर 3 बजे ताजमहल का दीदार किया. उनके पहुंचने की खबर मिलते ही पर्यटकों और प्रशंसकों में उत्साह नजर आया. लोगों ने उनके साथ फोटो लेने की कोशिश की. इस दौरान उनके फैन एक बच्चे युवान गौरव ने मिस्टर बीस्ट को अपनी स्केच बुक गिफ्ट की, जिसे देखकर वे काफी खुश नजर आए. ताजमहल परिसर में मिस्टर बीस्ट और उनकी पत्नी थिया बूयसेन ने स्मारक की खूबसूरती को करीब से देखा. उन्होंने ताजमहल की बारीक पच्चीकारी के बारे में मौजूद सुरक्षाकर्मियों से जानकारी ली. सफेद संगमरमर पर की गई नक्काशी और पच्चीकारी को देखकर दोनों काफी प्रभावित नजर आए और ताज की खूबसूरती में खोए दिखे.
औरैया में 3 बच्चों को डुबोकर मारने पर मां को हुई थी फांसी की सजा, अब हाईकोर्ट से बरी
औरैया की प्रियंका पर 3 बच्चों को डुबोकर मारने का आरोप था. सेशन कोर्ट ने उसे फांसी की सजा दी थी, जिसे बुधवार (23 सितंबर) को हाईकोर्ट ने पलट दिया. हाईकोर्ट ने जिंदा बचे बच्चे की गवाही को भी खारिज कर दिया. अब प्रियंका के पिता ने कहा कि मेरी बेटी ने बच्चों को मारा है. अब उससे हम न कोई रिश्ता रखेंगे, न उसको हम अपने घर पर रखेंगे. हम उसे अपनाना नहीं चाहते. बच्चों की मौत के बाद न मैं उससे कभी मिला और न ही उसके केस में पैरवी की.
पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर CM योगी ने दी श्रद्धांजलि, बोले- अंत्योदय का सपना हो रहा साकार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. सीएम ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने अपना जीवन राष्ट्र को समर्पित किया और देश को एकात्म मानव दर्शन का विचार दिया, जिसका उद्देश्य समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को स्वावलंबी बनाना है. पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जन्म 25 सितंबर 1916 को हुआ था. वे 1942 में RSS के प्रचारक बने और 1951 में जनसंघ की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. 1967 में वे जनसंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने. 11 फरवरी 1968 को उनका निधन हुआ. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले वर्षों में अंत्योदय की भावना के अनुरूप गरीबों तक योजनाओं का लाभ पहुंचा है. सरकार के अनुसार, 4 करोड़ से अधिक पक्के घर, 12 करोड़ से ज्यादा शौचालय और 10 करोड़ से अधिक उज्ज्वला कनेक्शन दिए गए हैं. वहीं, 80 करोड़ से अधिक लोगों को मुफ्त खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है. सीएम ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का दर्शन आज भी देश के लिए प्रासंगिक और मार्गदर्शक है.
बोगस फर्मों से करोड़ों की टैक्स चोरी का खुलासा, पति-पत्नी की फर्म में 2.25 करोड़ की फर्जी ITC
राज्य कर विभाग की SIB की आठ सदस्यीय टीम ने करीब 16 घंटे तक छापेमारी कर बोगस फर्मों के जरिए ITC के माध्यम से करोड़ों रुपये की कर चोरी का खुलासा किया. जांच में एक ही पते पर संचालित पति-पत्नी की दो फर्मों में 2.25 करोड़ रुपये से अधिक की फर्जी ITC सामने आई. मामला सामने आने के बाद व्यापारी ने 47.31 लाख रुपये का टैक्स जमा किया. वहीं, पत्नी की फर्म के खाते में मौजूद 38.88 लाख रुपये की ITC ब्लॉक कर दी गई है. राज्य कर विभाग की टीम मामले में आगे की जांच कर रही है.
पापा अय्याश थे, लड़कियों पर पैसे लुटाते… कानपुर में कारोबारी पिता की हत्या करने वाला बेटा
कानपुर के करोड़पति कारोबारी विनीत मिनोचा के हत्यारोपी बेटे सुब्रत ने गुरुवार को पिता की हत्या करने की बात कबूल ली. उसने कहा कि मुझे अपने पिता की हत्या कराने का कोई मलाल नहीं है, वो लड़कीबाज थे. मैं पैसा मांगता तो मना कर देते थे और हर संडे लड़कियों पर हजारों रुपए उड़ाते थे. सुब्रत ने पुलिस कस्टडी रिमांड के दौरान पुलिस कमिश्नर से कहा- सर मैं हत्या के दिन से सोच रहा था कि आप मुझे गिरफ्तार कर लेंगे.
महोबा में पत्थर लदे डंपर पर गिरा 11 हजार वोल्ट का तार, धू-धूकर जला वाहन
महोबा के कबरई थाना क्षेत्र के मकरबई रोड पर बड़ा हादसा हो गया. यहां पत्थर से लदे डंपर पर अचानक 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार टूटकर गिर गया, जिससे पूरे डंपर में भीषण आग लग गई. आग लगते ही चालक मुकेश कुशवाहा ने जलते डंपर से कूदकर अपनी जान बचाई. सूचना पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची. फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक डंपर जलकर पूरी तरह खाक हो गया.
बिठूर नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर 7 प्रत्याशी मैदान में, BJP-कांग्रेस उम्मीदवार भी शामिल
बिठूर नगर पंचायत अध्यक्ष पद के उपचुनाव में भाजपा और कांग्रेस समेत कुल 7 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं. सभी प्रत्याशियों ने नामांकन के बाद चुनाव प्रचार तेज कर दिया है. नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए 13 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि 15 अक्टूबर को मतगणना कराई जाएगी. चुनाव को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं.
फतेहपुर में पुलिस और गोकश के बीच मुठभेड़, पैर में लगी गोली
फतेहपुर के धाता थाना क्षेत्र के सरवनपुर निदौरा में पुलिस और एक गोकश के बीच मुठभेड़ हो गई. मुठभेड़ के दौरान आरोपी अब्बास के बाएं पैर में गोली लगी. पुलिस ने घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास से तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं. अब्बास के खिलाफ पहले से चार मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं. पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.
