संवाददाता@वीरेंद्र यादव…..

एनटीपीसी सिंगरौली में हिंदी पखवाड़ा-2026 के तहत ‘लोकतंत्र, मीडिया और हिंदी’ तथा ‘स्वच्छता में सहभागिता’ विषय पर विचार गोष्ठी आयोजित हुई। कार्यक्रम में मीडिया प्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, एनटीपीसी अधिकारियों और केंद्रीय विद्यालय शक्तिनगर के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। वक्ताओं ने हिंदी को जन-जन तक विचार और सूचनाएं पहुंचाने वाली सहज एवं प्रभावी भाषा बताया।
विशिष्ट अतिथि डॉ. छोटे लाल जायसवाल ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में स्वतंत्र, जिम्मेदार और संवेदनशील मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। मीडिया समाज और व्यवस्था के बीच संवाद का सेतु है। उन्होंने कहा कि हिंदी ने पत्रकारिता को व्यापक सामाजिक आधार दिया है। डिजिटल मीडिया के दौर में भी हिंदी नए संचार माध्यमों के अनुरूप लगातार विकसित हो रही है। उन्होंने समाचारों में सरल, तथ्यपरक और गरिमापूर्ण भाषा के प्रयोग पर जोर दिया।

डॉ. विनोद पांडेय ने स्वच्छता को केवल अभियान नहीं, बल्कि व्यक्तिगत व्यवहार और सामूहिक जिम्मेदारी बनाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता, कचरे के जिम्मेदार निस्तारण और जनजागरूकता में नागरिक सहभागिता को महत्वपूर्ण बताया।
एनटीपीसी सिंगरौली के उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन/राजभाषा) डॉ. ओम प्रकाश ने कहा कि लोकतंत्र, मीडिया और हिंदी के केंद्र में संवाद एवं जनभागीदारी है। हिंदी कार्यालयी कामकाज तक सीमित न रहकर ज्ञान, तकनीक, प्रशासन और जनसंवाद की सहज भाषा बने, यही हिंदी पखवाड़े का उद्देश्य है। उन्होंने मीडिया से विकास, शिक्षा, पर्यावरण और स्वच्छता जैसे जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने लाने का आग्रह किया।

गोष्ठी में मीडिया कर्मियों ने डिजिटल मीडिया, समाचारों की विश्वसनीयता, स्थानीय मुद्दों और तथ्यपरक पत्रकारिता पर विचार साझा किए। केंद्रीय विद्यालय शक्तिनगर की सहभागिता से विद्यार्थियों को हिंदी, लोकतांत्रिक मूल्यों और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने पर भी चर्चा हुई। अंत में सुश्री रमा साहा ने आभार व्यक्त किया।