संवाददाता@अनिल अग्रहरी……

डाला बाड़ी लंगड़ा मोड़ स्थित क्रेशर एवं पत्थर खनन क्षेत्र में कार्यरत कर्मियों ने मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए घर से भटके एक युवक को उसके परिजनों से मिलवा दिया। करीब एक दिन से लापता युवक को सकुशल पाकर उसकी मां की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े।

जानकारी के अनुसार बहुअरा, थाना रॉबर्ट्सगंज निवासी धर्मेंद्र (22) पुत्र स्वर्गीय दिनेश गुरुवार सुबह घर से निकल गया था। भटकते हुए वह डाला बाड़ी लंगड़ा मोड़ स्थित क्रेशर एवं पत्थर खनन क्षेत्र में पहुंच गया। शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे खनन क्षेत्र के कर्मियों ने उसे पत्थर खदान की ओर जाते देखा। पूछताछ में युवक ने घर जाने की बात कही, लेकिन रास्ता पूछने पर वह खदान की दिशा में इशारा करने लगा।

युवक की गतिविधियों से कर्मियों को उसके मानसिक रूप से अस्वस्थ होने का अंदेशा हुआ। इसके बाद सुनील श्रीवास्तव, अरुण सिंह और राजेश भारती समेत अन्य कर्मियों ने उससे धैर्यपूर्वक बातचीत की। काफी प्रयास के बाद युवक ने अपना नाम और गांव का पता बताया। कर्मियों ने तत्काल उसके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास शुरू किया और जानकारी मिलने के बाद परिवार को सूचना दी।
सूचना पर युवक की मां निर्मला देवी और परिजन बाबूलाल मौके पर पहुंचे। बेटे को सकुशल देखकर मां भावुक हो गईं। परिजनों ने धर्मेंद्र को गले लगाकर राहत की सांस ली।

परिजनों ने युवक को सुरक्षित खोजकर परिवार से मिलाने वाले खनन कर्मियों का आभार जताया। वहीं स्थानीय लोगों ने भी कर्मियों के इस मानवीय प्रयास की सराहना की।