मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

जिले के राशन कार्डधारकों के लिए राहत की खबर है। सितंबर 2026 के सापेक्ष आवंटित खाद्यान्न के वितरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर 29 सितंबर 2026 कर दी गई है। जिला पूर्ति अधिकारी ध्रुव गुप्ता ने बताया कि निर्धारित अवधि में पात्र लाभार्थियों को खाद्यान्न उपलब्ध कराने के लिए वितरण व्यवस्था को बढ़ाया गया है।

अब पात्र गृहस्थी और अंत्योदय कार्डधारक 29 सितंबर तक ई-पॉस मशीन के माध्यम से आधार आधारित प्रमाणीकरण के जरिए खाद्यान्न प्राप्त कर सकेंगे। वहीं, मोबाइल ओटीपी के माध्यम से वितरण की सुविधा भी 25 सितंबर से 29 सितंबर तक उपलब्ध रहेगी। कार्डधारकों को पोर्टेबिलिटी के माध्यम से आवश्यक वस्तुएं प्राप्त करने की सुविधा भी दी गई है।

विभाग ने उचित दर विक्रेताओं को निर्देशित किया है कि पात्र लाभार्थियों को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न का वितरण सुनिश्चित करें। जिला पूर्ति अधिकारी ध्रुव गुप्ता ने कार्डधारकों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि के भीतर अपनी उचित दर दुकान से खाद्यान्न प्राप्त कर लें, ताकि कोई पात्र लाभार्थी वितरण से वंचित न रहे।

