संवाददाता@उमेश सिंह……

भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) का 72वां स्थापना दिवस अनपरा स्थित जिला कार्यालय में समारोहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला अध्यक्ष दशाराम यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर भारत माता एवं संगठन के संस्थापक दत्तोपंत ठेंगड़ी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया।
मुख्य अतिथि दशाराम यादव ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ ने पिछले 72 वर्षों में श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा के साथ राष्ट्र निर्माण और औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि संगठन का मूल मंत्र “राष्ट्र हित, उद्योग हित, श्रमिक हित” आज भी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का आधार है।उन्होंने संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और अधिकाधिक श्रमिकों को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया।

जिला मंत्री एल.पी. शुक्ल ने भारतीय मजदूर संघ की स्थापना, उद्देश्य और संगठन की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बीएमएस श्रमिक, उद्योग और राष्ट्र के समन्वित विकास का पक्षधर है।उन्होंने सदस्यता अभियान को गति देने तथा श्रमिकों की समस्याओं के समाधान के लिए कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश विद्युत मजदूर संघ के अध्यक्ष मुकेश जायसवाल, सचिव प्रमोद मिश्र, संगठन मंत्री मधुकर, धनंजय श्रीवास्तव, सुधीर सिंह सहित विभिन्न इकाइयों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। अंत में भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।





