संवाददाता@आनंद गुप्ता…..
— चेचिस से टक्कर के बाद मची अफरा-तफरी, रेलवे गेट नंबर-50 पर पकड़ा गया वाहन

विंढमगंज थाना क्षेत्र के कोलिन्डूबा गांव में शुक्रवार को नेशनल हाईवे-39 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मेदनी खांड लैम्पस के सामने बाइक और नए चेचिस के बीच हुई जोरदार टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद चेचिस चालक वाहन लेकर वहां से निकल गया, लेकिन बाद में ग्रामीणों की सक्रियता से रेलवे क्रॉसिंग गेट नंबर-50 के पास वाहन को रोक लिया गया।
स्थानीय ग्रामीण बंधु राम के मुताबिक, चेचिस और बाइक दोनों विंढमगंज की ओर से दुद्धी की तरफ जा रहे थे। वह सड़क किनारे मवेशियों को चारा दे रहे थे। इसी दौरान तेज आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचने पर एक व्यक्ति सड़क पर गंभीर हालत में पड़ा मिला। ग्रामीणों ने तत्काल आसपास के लोगों को सूचना दी।

घटना के बाद चेचिस चालक वाहन लेकर मौके से निकल गया। हालांकि, ग्रामीणों और प्रशासन की सक्रियता के चलते रेलवे क्रॉसिंग गेट नंबर-50 पर चेचिस को रोककर पकड़ लिया गया। पुलिस ने वाहन और चालक को अपने कब्जे में ले लिया है।
चेचिस चालक प्रिंस कुमार ने पुलिस को बताया कि बाइक पहले एक कार से टकराई और इसके बाद चेचिस के पिछले पहिये की ओर जा घुसी, जिससे बाइक उसकी चपेट में आ गई।

मृतक की पहचान अगस्त कुमार पुत्र राजेंद्र राम, निवासी धनराडीह, मकड़ी भवनाथपुर के रूप में बताई गई है। उसकी जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर पहचान की गई। हादसे में शामिल मोटरसाइकिल संख्या UP64 AV 2936 को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
सूचना मिलने पर विंढमगंज थाना प्रभारी रविकांत मिश्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी मर्चरी हाउस भेज दिया। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हाईवे पर वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहनों के बीच पर्याप्त दूरी बनाए रखने, खतरनाक तरीके से ओवरटेकिंग से बचने और दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने की अपील की गई है। सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।
