@जे0 के0…..

Sonbhadra । जुगैल थाना क्षेत्र के जमुअल गांव में बीती रात 27 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान बृजेश हरिजन (27) पुत्र लाल बिहारी निवासी जमुअल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक ने घर की कच्ची छाजन की लकड़ी में कपड़े की रस्सी बांधकर फांसी लगा ली। सुबह परिजनों की नजर पड़ने पर घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार घटना से पहले पारिवारिक विवाद की चर्चा सामने आ रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
मृतक अपने पीछे सात वर्ष और पांच वर्ष के दो मासूम बेटों को छोड़ गया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जुगैल थाना पुलिस ने बताया कि फिलहाल इस मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





