संवाददाता@विशाल टंडन…..
— 20 जुलाई से आरसेटी में शॉप कीपर व्यवसाय का छह दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण

जनपद के ग्रामीण शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से अग्रणी बैंक इंडियन बैंक द्वारा संचालित ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), सोनभद्र में 20 जुलाई 2026 से छह दिवसीय शॉप कीपर व्यवसायिक प्रशिक्षण (उद्यमिता विकास कार्यक्रम) आयोजित किया जाएगा।

यह प्रशिक्षण पूरी तरह निःशुल्क होगा। संस्थान के निदेशक विशाल खन्ना ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही व्यवसाय शुरू करने के लिए परियोजना रिपोर्ट तैयार करने, बैंक ऋण के लिए आवेदन करने तथा उद्यमिता से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण में 18 से 45 वर्ष आयु वर्ग के ग्रामीण शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियां भाग ले सकते हैं। बीपीएल एवं एसईसीसी-2011 परिवारों के सदस्यों तथा दिव्यांग अभ्यर्थियों को प्रवेश में प्राथमिकता दी जाएगी। आरसेटी ने जनपद के इच्छुक युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में प्रशिक्षण में भाग लेकर स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठाने की अपील की है।
इच्छुक अभ्यर्थी आरसेटी कार्यालय में आवेदन कर साक्षात्कार के उपरांत प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए कार्यालय सरकारी आईटीआई के पास, लोढ़ी टोल प्लाजा के पश्चिम, लोढ़ी (सोनभद्र) से सम्पर्क कर सकते है।





