संवाददाता@विशाल टंडन…..
— तियरा स्पोर्ट्स स्टेडियम में होंगे जिला स्तरीय ट्रायल, चयनित खिलाड़ी मंडल व प्रदेश स्तर की प्रतियोगिता में लेंगे भाग

खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश, लखनऊ एवं उत्तर प्रदेश बास्केटबाल, हैंडबाल तथा फुटबॉल संघ के निर्देशानुसार प्रदेशीय महिला बास्केटबाल, महिला हैंडबाल एवं प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालक फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए जनपद सोनभद्र में जिला एवं मंडल स्तरीय चयन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। जिला क्रीड़ा अधिकारी समीम अहमद ने बताया कि सीनियर महिला बास्केटबाल का जिला स्तरीय चयन ट्रायल 21 जुलाई 2026 को प्रातः 11 बजे तथा जूनियर बालक फुटबॉल का ट्रायल भी 21 जुलाई को प्रातः 11 बजे विशिष्ट स्पोर्ट्स स्टेडियम, तियरा, रॉबर्ट्सगंज में होगा।

वहीं सीनियर महिला हैंडबाल का ट्रायल 22 जुलाई को प्रातः 10 बजे इसी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। जिला स्तर पर चयनित खिलाड़ी मंडल स्तरीय ट्रायल में भाग लेंगे। बास्केटबाल का मंडल स्तरीय ट्रायल 22 जुलाई को अपराह्न 3 बजे मीरजापुर में, हैंडबाल का 22 जुलाई को दोपहर 12 बजे तियरा स्टेडियम में तथा जूनियर फुटबॉल का 23 जुलाई को अपराह्न 1:30 बजे मिर्जापुर के भिसकुरी पहाड़ी स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित होगा।
प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में महिला बास्केटबाल एवं हैंडबाल टीम 27 से 29 जुलाई तक अयोध्या में, जबकि जूनियर बालक फुटबॉल प्रतियोगिता 1 से 8 अगस्त 2026 तक मऊ में आयोजित होगी। जिला क्रीड़ा अधिकारी समीम अहमद ने इच्छुक खिलाड़ियों से निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर आधार कार्ड, जन्म प्रमाण-पत्र तथा आवश्यक अभिलेखों के साथ उपस्थित होने की अपील की है।
महिला बास्केटबाल एवं हैंडबाल खिलाड़ियों की आयु 25 वर्ष से कम तथा जूनियर फुटबॉल खिलाड़ियों की जन्मतिथि 1 जनवरी 2011 से 31 दिसंबर 2012 के बीच होना अनिवार्य है। फुटबॉल ट्रायल में केवल सीआरएस पंजीकृत खिलाड़ी ही प्रतिभाग कर सकेंगे।





