संवाददाता@कृपा शंकर पांडेय…..

जुगैल पुलिस ने दो नाबालिग बालिकाओं को बहला-फुसलाकर सूरत (गुजरात) ले जाने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार 8 जुलाई 2026 को थाना जुगैल क्षेत्र के एक व्यक्ति ने अपनी तथा अपने परिजन की नाबालिग पुत्रियों के 1 जुलाई से लापता होने की सूचना दी थी। इस पर गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस ने तत्काल तलाश शुरू की। 10 जुलाई को दोनों बालिकाएं सकुशल घर लौट आईं।
विवेचना और बालिकाओं के बयान में सामने आया कि भरहरी निवासी विनोद मोदनवाल उर्फ बाबा मोबाइल फोन के माध्यम से उनके संपर्क में था और उन्हें बहला-फुसलाकर अपने साथ सूरत ले गया था। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद थाना जुगैल में मुकदमा अपराध संख्या 86/2026 के तहत धारा 137(2), 64(1) भारतीय न्याय संहिता तथा 3/4 पॉक्सो अधिनियम में मामला दर्ज किया गया।

शुक्रवार को जुगैल पुलिस ने भरहरी तिराहे के पुल के पास से आरोपी विनोद मोदनवाल उर्फ बाबा (19 वर्ष), पुत्र कल्लू हलवाई, निवासी ग्राम भरहरी, थाना जुगैल को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवप्रताप वर्मा, कांस्टेबल अम्बुज शुक्ला और कांस्टेबल मोहित राज शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।






