संवाददाता@मनीष कुमार…..

दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के जपला गांव में मंगलवार शाम एक 12 वर्षीय बालक को खेत की पाही पर जाते समय अज्ञात विषैले सर्प ने डस लिया। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में बालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुद्धी में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार जपला गांव निवासी विजय शंकर का 12 वर्षीय पुत्र रामेश्वर यादव मंगलवार शाम लगभग सात बजे घर से करीब पांच मीटर दूर खेत की पाही पर अपने पिता का मोबाइल लेने गया था। इसी दौरान रास्ते में झाड़ियों के बीच छिपे अज्ञात सांप ने उसके दाहिने पैर में डस लिया। सर्पदंश के बाद बालक के शोर मचाने पर परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सांप वहां से निकल चुका था।

घटना के तुरंत बाद परिजन बच्चे को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी लेकर पहुंचे। वहां तैनात चिकित्सक डॉ. वरुणा निधि ने बालक का प्राथमिक उपचार शुरू कराया। चिकित्सकीय टीम ने आवश्यक दवाइयां देने के साथ उसे निगरानी में रखा है।
चिकित्सकों के अनुसार, समय रहते अस्पताल पहुंच जाने के कारण बालक की स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही है। वहीं, घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और लोगों से बरसात के मौसम में खेतों एवं झाड़ियों के आसपास विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।





