@जे0 के0….

Sonbhadra । रॉबर्ट्सगंज स्थित स्वामी विवेकानंद प्रेक्षागृह में महात्मा फुले फाउंडेशन के बैनर तले अमर शहीद क्रांतिकारी नेता बाबू जगदेव प्रसाद का 153वां शहादत दिवस अधिकार दिवस के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुमंत सिंह मौर्य ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद छोटेलाल सिंह खरवार और जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय संगठन मंत्री पटेल विजय नारायण वर्मा ने बाबू जगदेव प्रसाद के चित्र पर माल्यार्पण, पुष्प अर्पित और दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस दौरान उपस्थित लोगों ने सामाजिक समानता और अधिकारों से जुड़े नारों के साथ कार्यक्रम का आगाज किया। सांसद छोटेलाल सिंह खरवार ने कहा कि बाबू जगदेव प्रसाद का संघर्ष केवल सत्ता परिवर्तन का नहीं, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन का था। उन्होंने शोषित और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। आज उनके शहादत दिवस को अधिकार दिवस के रूप में मनाते हुए सभी को बिना रुके, बिना झुके और बिना बंटे अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने का संकल्प लेना चाहिए।

पटेल विजय नारायण वर्मा ने कहा कि ज्योतिबा फुले, सावित्रीबाई फुले और डॉ. भीमराव आंबेडकर की तरह बाबू जगदेव प्रसाद ने भी समतामूलक समाज और मानववाद की स्थापना के लिए संघर्ष किया। उन्होंने अंधविश्वास और पाखंड के विरोध में लोगों को जागरूक किया तथा अधिकार और हिस्सेदारी के लिए संघर्ष का संदेश दिया।
डॉ. लोकपति सिंह पटेल ने कहा कि अपने अधिकारों के लिए लोगों को स्वयं आगे आकर नेतृत्व करना होगा। एचआर मौर्य, रामनिहोर यादव, संजय यादव और विकास शाक्य ने भी बाबू जगदेव प्रसाद के विचारों और संघर्षों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. भागीरथी सिंह मौर्य और अध्यक्ष सुमंत सिंह मौर्य ने अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया। संचालन रवि रंजन शाक्य ने किया। कार्यक्रम में किशोरी सिंह, अनिल कुशवाहा, रामचंद्र मौर्य, लालबहादुर पाल, शाहनवाज खान, दयाशंकर निषाद सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
