संवाददाता@संजय सिंह…..

रॉबर्ट्सगंज नगर पालिका के वार्ड संख्या चार स्थित सहिजन कला गांव में वर्षों पुरानी पुलिया के जर्जर होकर टूट जाने से क्षेत्रवासियों में रोष व्याप्त है। सूर्यनाथ पटेल के घर के समीप स्थित इस पुलिया से सहिजन कला सहित आसपास के करीब बीस गांवों के लोगों का प्रतिदिन आवागमन होता है। दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की लगातार आवाजाही के बीच पुलिया की बदहाल स्थिति किसी बड़े हादसे को आमंत्रित कर रही है।
ग्रामीणों के अनुसार पुलिया लंबे समय से क्षतिग्रस्त है और अब गहरे गड्ढे का रूप ले चुकी है। कई बार शिकायत करने के बावजूद संबंधित विभाग और नगर पालिका प्रशासन द्वारा इसकी मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

शुक्रवार को ग्रामीणों ने एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन किया तथा प्रशासन से तत्काल पुलिया की मरम्मत और नई पुलिया के निर्माण की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई और किसी प्रकार की दुर्घटना घटित हुई तो उसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग एवं प्रशासन की होगी।
प्रदर्शन में शंकर यादव, सत्य प्रकाश, लवकुश, एस. प्रीतम, राजेंद्र प्रसाद, अभिनव, संजय कुशवाहा, जगदीश मौर्य, रामसमुझ मौर्य, तेज बहादुर मौर्य, संतोष मौर्य, राजेश मौर्य, अलगू प्रसाद, रविंद्र कुमार, रामविलास विश्वकर्मा, सूर्यनाथ पटेल, बबुंदर सिंह और अजय भारती सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।





