ग्रामीण पत्रकार@विष्णु कुशवाहा……

नगर क्षेत्र के छपका पावर हाउस के सामने तथा राजकीय महाविद्यालय छपका ब्लॉक के बगल से जाने वाले मार्ग पर स्थापित विद्युत ट्रांसफार्मरों पर सुरक्षा जाली न लगाए जाने से स्थानीय लोगों और राहगीरों में दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। लोगों का कहना है कि खुले ट्रांसफार्मरों के कारण किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, दोनों स्थानों पर ट्रांसफार्मर बिना सुरक्षा जाली के लगे हुए हैं। इन मार्गों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, ग्रामीण और अन्य राहगीर गुजरते हैं। बरसात के मौसम में यह खतरा और भी बढ़ जाता है।राहगीरों ने बताया कि ट्रांसफार्मरों के आसपास बच्चों का भी आना-जाना रहता है। साथ ही जानवरों का संपर्क में आने का भी खतरा बना रहता है।

सुरक्षा व्यवस्था न होने के कारण अभिभावकों में हमेशा दुर्घटना का भय बना रहता है। लोगों ने विद्युत विभाग से कई बार सुरक्षा जाली लगाने की मांग की, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। स्थानीय नागरिकों ने विद्युत विभाग और जिला प्रशासन से मांग की है कि जनहित को देखते हुए दोनों ट्रांसफार्मरों के चारों ओर जल्द से जल्द मजबूत सुरक्षा जाली लगाई जाए, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।





