ग्रामीण संवाददाता@विष्णु कुशवाहा…….

सावन माह के आगमन से पहले रॉबर्ट्सगंज नगर की सर्विस रोड की जर्जर स्थिति लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों और टूटी सतह के कारण राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय व्यापारियों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। श्रेया हॉस्पिटल के पास, जीवन ज्योति हॉस्पिटल के सामने, साई हॉस्पिटल के पास, बाजार क्षेत्र तथा धर्मशाला रोड पर सर्विस रोड कई स्थानों पर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है।

सड़क पर बने गड्ढों में बारिश का पानी भरने से दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सावन के दौरान बड़ी संख्या में कांवरियों का आवागमन होता है। ऐसे में यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो श्रद्धालुओं के साथ-साथ आम नागरिकों को भी गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

नगरवासियों ने संबंधित विभाग और जिला प्रशासन से मांग की है कि सावन शुरू होने से पहले सर्विस रोड के गड्ढों को तत्काल भरवाकर सड़क की मरम्मत कराई जाए, ताकि आवागमन सुगम और सुरक्षित हो सके तथा संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।





