संवाददाता@अनिल अग्रहरी……

चोपन थाना क्षेत्र में वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर आरटीओ प्रवर्तन दल की जांच कार्रवाई को लेकर ट्रक चालक, परिचालक और उनके साथी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। मुरादाबाद जनपद के फतेहपुर खरंजा निवासी चालक कादिर, परिचालक अरुण तथा ट्रक पर सवार मुजफ्फरनगर निवासी सलमान का कहना है कि वे झारखंड के गढ़वा जनपद स्थित मेराल से लकड़ी लेकर हरियाणा जा रहे थे। बुधवार पूर्वाह्न लगभग 11 बजे परासपानी स्थित एक ढाबे पर भोजन करने के दौरान आरटीओ विभाग की टीम जांच के लिए पहुंची।

तीनों के अनुसार जांच के दौरान अधिकारियों ने आवश्यक दस्तावेज मांगे, जिन्हें वे मोबाइल फोन में दिखा रहे थे। आरोप है कि जांच के बाद टीम उनके तीनों मोबाइल अपने साथ ले गई। मोबाइल बैंकिंग एवं अन्य आवश्यक सेवाओं से वंचित होने के कारण उन्हें खाने-पीने सहित दैनिक जरूरतों के लिए भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

उनका कहना है कि गुरुवार शाम किसी अन्य व्यक्ति की सहायता से वे रॉबर्ट्सगंज स्थित आरटीओ कार्यालय पहुंचे, जहां काफी प्रयास के बाद उनके मोबाइल वापस मिले। इसके बाद वे अपने गंतव्य हरियाणा के लिए रवाना हो गए। मामले में आरटीओ विभाग का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका है।





