Last Updated:
Massive Fire Breaks: कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र स्थित केशवपुरम में उस वक्त भारी अफरा-तफरी मच गई, जब एक बहुमंजिला व्यावसायिक इमारत में भीषण आग लग गई. इमारत के बेसमेंट और निचले तल पर मैक्स शोरूम संचालित हो रहा था, जबकि ऊपरी मंजिल पर ओयो होटल मौजूद था. बेसमेंट से शुरू हुई आग की लपटों और काले धुएं ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया. इस दौरान होटल में मौजूद करीब एक दर्जन लोग धुएं के बीच फंस गए, जिन्होंने छत पर भागकर अपनी जान बचाई. दमकल की चार गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया.
मैक्स शो-रूम में लगी भीषण आग
कानपुर: शहर के व्यस्ततम इलाकों में शुमार कल्याणपुर थाना क्षेत्र स्थित केशवपुरम से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां स्थित एक कमर्शियल बिल्डिंग में अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी विकराल थी कि कुछ ही मिनटों में चारों तरफ घने काले धुएं का गुबार फैल गया और इलाके में भगदड़ की स्थिति बन गई. इमारत के बेसमेंट और ग्राउंड फ्लोर पर मैक्स शोरूम संचालित हो रहा था, जबकि ऊपरी हिस्से में ओयो होटल चल रहा था.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग की शुरुआत बिल्डिंग के बेसमेंट से हुई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और लपटें शोरूम तक फैलने लगीं. आग लगने के बाद शोरूम में कार्यरत कर्मचारी जान बचाकर बाहर की तरफ भागे. हैरानी की बात यह रही कि मॉल में लगे फायर फाइटिंग उपकरण आपात स्थिति में पूरी तरह निष्क्रिय साबित हुए और ऐन वक्त पर काम नहीं आए. घटना में लाखों रुपये के सामान के जलकर खाक होने की आशंका जताई जा रही है.
होटल में फंसे दर्जन भर लोग, छत पर जाकर बची जान
आग की लपटों से ज्यादा खतरनाक उसका जहरीला धुआं साबित हुआ, जिसने तेजी से ऊपरी मंजिलों को घेर लिया. ऊपरी मंजिल पर स्थित ओयो होटल में करीब एक दर्जन लोग ठहरे हुए थे, जो नीचे उतरने का रास्ता बंद देखकर वहीं फंस गए. होटल में चीख-पुकार मच गई. खुद को घुटते धुएं से बचाने के लिए सभी लोग सीढ़ियों (जीने) के सहारे भागकर बिल्डिंग की छत पर पहुंचे.
प्रशासन और दमकल ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी पश्चिम, कल्याणपुर पुलिस और दमकल विभाग के आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. चीफ फायर ऑफिसर (सीएफओ) दीपक शर्मा के नेतृत्व में दमकल की चार गाड़ियों ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. कड़ी मशक्कत के बाद छत पर फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और आग को बुझाया गया. सीएफओ दीपक शर्मा ने पुष्टि की कि सभी लोगों को सकुशल रेस्क्यू कर लिया गया है तथा आग के सटीक कारणों की तकनीकी जांच की जा रही है.
About the Author

सिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर …
और पढ़ें
