@जे0 के0……
— विद्यालय में मिड-डे-मील की गुणवत्ता भी परखी, बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के दिए निर्देश

Sonbhadra। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत उच्च प्राथमिक विद्यालय रॉबर्ट्सगंज में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषयक कला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी कल्पना और रंगों के माध्यम से विकसित, समृद्ध एवं सशक्त भारत की तस्वीर उकेरी।

इस अवसर पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बच्चों के बीच बैठकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने स्वयं भी रंग और ब्रश थामकर चित्रकला में सहभागिता की और चित्र में रंग भरकर बच्चों के साथ रचनात्मक पल साझा किए। जिलाधिकारी ने बच्चों द्वारा बनाई जा रही पेंटिंग को देखा तथा उनकी कल्पनाशीलता एवं प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि ऐसी गतिविधियां बच्चों की कल्पनाशक्ति और सृजनात्मक क्षमता को विकसित करने के साथ ही उन्हें अपने देश और समाज के प्रति सकारात्मक सोच के लिए प्रेरित करती हैं। बच्चों की पेंटिंग में उनके सपनों के विकसित भारत की सुंदर झलक दिखाई दी।

इस दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय में बच्चों के लिए तैयार किए जा रहे मिड-डे-मील का भी निरीक्षण किया और भोजन की गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं को परखा। उन्होंने बच्चों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय, खंड शिक्षा अधिकारी सहित विद्यालय के शिक्षक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।