मुख्य संवाददाता@सौरभ गोस्वामी….

बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र में वाहनों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़ा करने वाला मामला सामने आया है। रास पहाड़ी स्थित एक क्रशर परिसर में खड़े टीपर को कथित तौर पर खोलकर उसके अलग-अलग हिस्से कबाड़ में बेच दिए गए। मौके पर केवल इंजन बचा मिला, जबकि वाहन का बाकी हिस्सा गायब था। घटना का पता तब चला जब वाहन मालिक उसे बेचने के लिए संभावित खरीदार के साथ क्रशर परिसर पहुंचा।

टीपर मालिक श्याम बहादुर सिंह के अनुसार उनका वाहन संबंधित क्रशर पर पत्थर ढुलाई के कार्य में लगाया जाता था। काम बंद होने के बाद उन्होंने कुछ दिन पहले टीपर को वहीं परिसर में खड़ा कर दिया था। इसकी जानकारी क्रशर संचालकों को भी दे दी गई थी। उन्हें उम्मीद थी कि परिचित कार्यस्थल पर खड़ा वाहन सुरक्षित रहेगा, लेकिन सोमवार को वहां पहुंचने पर स्थिति बिल्कुल उलट मिली। वाहन की जगह केवल उसका इंजन देखकर मालिक स्तब्ध रह गया।
आसपास तलाश करने पर भी टीपर का कोई अन्य हिस्सा नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने क्रशर संचालकों से वाहन के संबंध में जानकारी मांगी, लेकिन उनके स्तर से किसी तरह की जानकारी होने से इन्कार कर दिया गया। इस पर वाहन मालिक ने आरोप लगाया कि क्रशर संचालकों की मिलीभगत से टीपर को खोलकर उसके पुर्जे और अन्य हिस्से कबाड़ियों को बेच दिए गए। टीपर मालिक ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।

पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और छानबीन शुरू कर दी। इस घटना ने खनन क्षेत्र में संचालित क्रशर परिसरों की निगरानी व्यवस्था को भी कठघरे में खड़ा कर दिया है। एक भारी वाहन का परिसर में खड़ा होना और फिर उसका अधिकांश हिस्सा गायब हो जाना सामान्य चोरी की घटना से कहीं अधिक गंभीर सवाल पैदा कर रहा है। वाहन को खोलने, उसके हिस्सों को अलग करने और उन्हें परिसर से बाहर ले जाने की प्रक्रिया में किन लोगों की भूमिका रही, यह जांच का प्रमुख बिंदु होगा।
एसएचओ प्रणय प्रसून श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शिकायत के आधार पर तथ्यों का सत्यापन कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।