मुख्य संवाददाता@सौरभ गोस्वामी…..
भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय के तत्वावधान में राजकीय पीजी कॉलेज ओबरा में भव्य आयोजन, भारतीय लोककला एवं परंपराओं के संरक्षण पर दिया गया जोर

राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, ओबरा में भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय, लखनऊ के तत्वावधान में ‘सोन कल्चरल क्लब’ का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ भारतीय लोककला, संगीत, नृत्य एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन को बढ़ावा देना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि लक्ष्मी सिंह एवं विशिष्ट अतिथियों श्रीमती अनीता पाठक और श्रीमती नीति चौबे की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। समारोह की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. प्रमोद कुमार ने की।
इस अवसर पर अतिथियों ने भारतीय संस्कृति और लोक परंपराओं के संरक्षण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सांस्कृतिक गतिविधियां विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम हैं। इनके जरिए विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, अभिव्यक्ति की क्षमता तथा अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान की भावना विकसित होती है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि सोन कल्चरल क्लब का शुभारंभ महाविद्यालय के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह क्लब विद्यार्थियों की छिपी हुई प्रतिभाओं को सामने लाने और उन्हें विभिन्न सांस्कृतिक मंचों पर अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक प्रोफेसर डॉ. सुभाष राम, डॉ. विकास सर, डॉ. वैशाली एवं डॉ. अंजलि सहित अन्य प्राध्यापकगण और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन सोन कल्चरल क्लब की संयोजक डॉ. विभा पांडे ने किया। उन्होंने अतिथियों का स्वागत करते हुए महाविद्यालय में सांस्कृतिक गतिविधियों को नियमित रूप से आयोजित करने तथा विद्यार्थियों को कला एवं संस्कृति से जोड़ने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
सोन कल्चरल क्लब का यह शुभारंभ महाविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा को निखारने, स्थानीय लोककलाओं को पहचान दिलाने और भारतीय परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में एक सार्थक पहल साबित होगा।