संवाददाता@संदीप अग्रहरी…

म्योरपुर ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों को हुनरमंद बनाकर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मंगलवार को म्योरपुर में एक नई पहल की शुरुआत हुई। स्थानीय कस्बे में हनुमान मंदिर के समीप एकल ग्रामोत्थान केंद्र का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन एकल ग्रामोत्थान के पी-4 के जोनल प्रभारी सुभाष सिंह ने मां सरस्वती, भारत माता एवं हनुमान जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया।
बेटियों को मुख्यधारा से जोड़ना ही हमारा लक्ष्य: सुभाष सिंह
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जोनल प्रभारी सुभाष सिंह ने कहा कि एकल ग्रामोत्थान का मुख्य उद्देश्य उन बच्चियों को दोबारा समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है, जो किसी कारणवश शिक्षा और रोजगार के अवसरों से दूर हो रही हैं। संस्था का प्रयास है कि गांव की बेटियों को गांव में ही रोजगारपरक प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाया जाए, ताकि उन्हें हुनर सीखने और रोजगार के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख न करना पड़े।

उन्होंने बताया कि केंद्र पर कंप्यूटर, सिलाई और ब्यूटीशियन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद बेटियां अपने हुनर के दम पर रोजगार शुरू कर सकेंगी और अपने साथ-साथ परिवार के भरण-पोषण में भी महत्वपूर्ण योगदान देंगी।

गांव-गांव पहुंचेगा कंप्यूटर प्रशिक्षण, 10 कंप्यूटरों से लैस बस तैयार:
वहीं, रेणुकूट अंचल अध्यक्ष अमर केश सिंह ने बताया कि दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों के ऐसे बच्चे और बच्चियां, जो किसी कारणवश केंद्र तक पहुंचकर कंप्यूटर प्रशिक्षण नहीं ले पाते हैं, उनके लिए संस्था ने विशेष व्यवस्था की है। एकल ग्रामोत्थान की ओर से 10 कंप्यूटरों से सुसज्जित बस की व्यवस्था की गई है। यह बस गांव-गांव पहुंचकर ग्रामीण बच्चों को कंप्यूटर का प्रशिक्षण देगी।

इस पहल से ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों और युवाओं को तकनीकी शिक्षा से जोड़ने के साथ ही उनके लिए रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे।कार्यक्रम में भाजपा नेता सोनाबच्चा अग्रहरी, दीपक सिंह, पूर्व ग्राम प्रधान लालता प्रसाद जायसवाल, गगन जी, अमरेश कुमार, रामलखन, भाजपा युवा नेता दिनेश गुप्ता निरुपमा देवी, बुद्धिनारायण, राजेश, जितेंद्र, मीनाक्षी यादव, सुमन जी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।