संवाददाता@रामकेश यादव……

विकासखंड करमा क्षेत्र के ककराही, कसया कला, कसया खुर्द, भगौती, पापी, करकी, भदोही, खैराही, भारुहा समेत आसपास के गांवों में सोमवार सुबह से रुक-रुक कर बारिश शुरू हुई। दोपहर बाद हुई अच्छी वर्षा से किसानों के चेहरे खिल उठे और खेतों में कृषि गतिविधियां तेज हो गईं।
कई दिनों से पर्याप्त बारिश का इंतजार कर रहे किसानों की चिंता अब उम्मीद में बदल गई है। जिन किसानों की धान की नर्सरी तैयार हो चुकी है, उन्होंने रोपाई की तैयारियां शुरू कर दी हैं। खेतों में पानी भरने के बाद किसान कृषि कार्य में जुट गए हैं।

स्थानीय किसान रामजी सिंह ने बताया कि अच्छी बारिश होने से धान की रोपाई के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन गई हैं। अब किसान पूरी तेजी के साथ खेती के कार्य में लग जाएंगे। किसानों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में भी इसी तरह बारिश होती रही तो इस वर्ष धान की फसल बेहतर होने की उम्मीद है।





