संवाददाता@संदीप अग्रहरी……

म्योरपुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत चैरी एवं ग्राम पंचायत देवरी में सोमवार को वन विभाग के तत्वावधान में ग्रीन चौपाल, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान एवं आम महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान आम सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया तथा किसानों को निःशुल्क पौधे वितरित कर अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख मान सिंह गोंड़ रहे। इस अवसर पर रेंजर जबर सिंह, भाजपा नेता सुजीत अग्रहरि, ग्राम प्रधान चेरी ईश्वर प्रसाद, ग्राम प्रधान देवरी भोला प्रसाद, वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि एवं अन्य वक्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी नियमित देखभाल भी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण से पर्यावरण संतुलन बना रहता है, जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभाव कम होते हैं तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।





