संवाददाता@विजय अग्रहरी……
— चौड़ीकरण के लिए आधी खोद दी सड़क, गड्ढे के कारण हुआ हादसा

घोरावल कोतवाली क्षेत्र के मुड़िलाडीह गांव में रविवार देर रात पिकअप और ऑटो की टक्कर से हुए हादसे में 10 लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची एंबुलेंस और पुलिस की मदद से सभी घायलों को घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार रविवार रात्रि करीब पौने नौ बजे मुड़िलाडीह गांव में घोरावल – रॉबर्ट्सगंज मार्ग पर मालवाहक पिकअप ने सवारियों से भरी एक ऑटो को को टक्कर मार दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद पिकअप में फंसकर ऑटो 50 मीटर घसीटती चली गई। इसी दौरान पिकअप ने एक बाईक सवार को भी टक्कर मार दिया।

हादसे में ऑटो सवार संजीत (25) पुत्र लक्ष्मण, कृष्णकांत (35) पुत्र रामचंद्र, सोनी (36) पत्नी रमाकांत औराही, अनिता (30) पत्नी कृष्णकांत, रमाकांत (40) पुत्र रामचंद्र, अक्षय (37) पुत्र कांता, ज्ञानवी (4) पुत्र कृष्णकांत, उज्ज्वल (4) पुत्र रमाकांत, साक्षी (7) पुत्री रमाकांत घायल हो गए। ये सभी घायल औराही और धुरकर गांव के निवासी हैं। घायल सोनी ने बताया कि सभी एक ही परिवार के और रिश्तेदार हैं। सभी लोग ननद के घर ददरा, राजगढ़ (मिर्जापुर) से घर लौट रहे थे। वहीं हादसे में बाइक सवार शाहगंज थाना क्षेत्र के बालडीह गांव निवासी अचक बिहारी (33) पुत्र मुरली सिंह भी घायल हो गए।

हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान आधा सड़क खोद कर बिना बैरिकेडिंग के छोड़ दिया गया जो हादसे का कारण बना। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची एंबुलेंस और पुलिस ने सभी घायलों को घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा समझाने बुझाने पर आधे घंटे बाद ग्रामीणों ने जाम खत्म कर दिया।





