संवाददाता@कृपा शंकर पांडेय…..

चोपन स्थित इंडियन बैंक की सलखन-चोपन शाखा में कथित अभद्र व्यवहार और बैंकिंग कार्यों में अनियमितताओं को लेकर ग्राहकों ने विरोध प्रदर्शन किया। बैंक परिसर के बाहर दर्जनों लोगों ने शाखा प्रबंधक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उच्च अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि शाखा प्रबंधक ग्राहकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार नहीं करते और बैंक आने वाले लोगों से अपमानजनक भाषा का प्रयोग करते हैं। इन आरोपों के कारण ग्राहकों में भारी आक्रोश है। इस संबंध में क्षेत्रीय प्रबंधक, जोनल प्रबंधक, बैंक के नोडल अधिकारी और भारतीय रिजर्व बैंक के ग्राहक सेवा विभाग को लिखित शिकायतें भेजी गई हैं। शिकायतों में प्रबंधक के आचरण और बैंक की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए गए हैं।

शिकायतकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया है कि बैंक में केवाईसी (KYC) संबंधी कार्यों के नाम पर एक वृद्ध ग्राहक से कथित तौर पर धनराशि ली गई है। उन्होंने इस घटना की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ग्राहकों ने शाखा के सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने, संबंधित कर्मचारियों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
उनका कहना है कि इससे सच्चाई सामने आ सकेगी। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने स्पष्ट किया कि बैंकिंग सेवाओं में पारदर्शिता और ग्राहकों के सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
वही मामले के संज्ञान में आते ही उच्च अधिकारी ने बैंक परिसर दौरा कर पुरी जानकारी इक्क्ठा की। इस संबंध में समाचार बैंक प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी है। यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।





