@जे0 के0……
— परिजनों ने निजी अस्पताल संचालक और संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर थाने में दिया प्रार्थना पत्र

Sonbhadra । कोन थाना क्षेत्र के ग्राम निगाई निवासी भोला सिंह ने दुद्धी कोतवाली में तहरीर देकर एक निजी अस्पताल के प्रबंधन एवं कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी अस्पताल में भर्ती उनके 26 वर्षीय रिश्तेदार की निजी अस्पताल ले जाने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई।
तहरीर के अनुसार, रामविचार नामक युवक की रविवार रात तबीयत बिगड़ने पर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान एक निजी अस्पताल से जुड़े व्यक्ति ने सरकारी अस्पताल में उचित उपचार न मिलने की बात कहकर मरीज को बेहतर इलाज के नाम पर निजी अस्पताल ले जाने के लिए उन्हें तैयार कर लिया।

परिजनों का कहना है कि निजी अस्पताल में भर्ती किए जाने के एक-दो घंटे के भीतर ही युवक की मौत हो गई। आरोप है कि मौत के बाद अस्पताल कर्मियों ने मामले को दबाने का प्रयास किया तथा शव को सरकारी अस्पताल परिसर में छोड़कर चले गए। शिकायत में यह भी कहा गया है कि परिजनों को किसी प्रकार की शिकायत न करने के लिए धमकाया गया।

पीड़ित पक्ष ने निजी अस्पताल संचालक एवं संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में दुद्धी कोतवाली पुलिस को प्रार्थना पत्र सौंपा गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।






