संवाददाता@विशाल टंडन……

रॉबर्ट्सगंज नगर क्षेत्र में नो एंट्री व्यवस्था और धर्मशाला चौराहे पर लगने वाले जाम से बचने के लिए भारी वाहनों ने अब गांवों के संपर्क मार्गों का रुख कर लिया है। रॉबर्ट्सगंज-घोरावल मार्ग से वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे तक जाने वाले बड़े वाहन पवर मानपुर होते हुए गांव के संपर्क मार्ग का इस्तेमाल कर रहे हैं।

इससे जहां ग्रामीणों को वैकल्पिक मार्ग की सुविधा मिल रही है, वहीं गांव की सड़कों और पुलियों पर भारी दबाव पड़ने से उनके क्षतिग्रस्त होने की आशंका बढ़ गई है। मानपुर नौतल्ली निवासी चंद्रभूषण मौर्य ने बताया कि शाहगंज की ओर से आने वाले भारी वाहन वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे तक पहुंचने के लिए शाहगंज रजवाहा के किनारे बने संपर्क मार्ग का उपयोग कर रहे हैं।
धर्मशाला चौराहे के जाम और नो एंट्री से बचने के लिए वाहनों का यह आवागमन लगातार बढ़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार मानपुर नौतल्ली स्थित एक छलका (पुलिया) पहले से ही क्षतिग्रस्त है, जिस पर भारी वाहनों के लगातार गुजरने से स्थिति और गंभीर होती जा रही है। वहीं गांव की सड़कें भी टूट-फूट का शिकार हो रही हैं।

ग्रामीण चंद्रमा और आकाश ने बताया कि सुबह 9 बजे से लेकर देर शाम तक भारी वाहनों का आवागमन बना रहता है। नहर किनारे बनी इस सड़क पर ग्रामीण साइकिल, मोटरसाइकिल और अन्य छोटे वाहनों से आवागमन करते हैं। साथ ही बच्चे भी इसी मार्ग के आसपास खेलते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीण पंकज, छोटू, प्रदीप, मारकंडे, राजेश सहित अन्य ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि गांव के संपर्क मार्गों पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई जाए। उनका कहना है कि इससे गांव की सड़कें सुरक्षित रहेंगी और ग्रामीणों को भी दुर्घटनाओं के खतरे से राहत मिलेगी।





