संवाददाता@हनीफ खान……

विकास खंड करमा के कसया कला एवं कसया खुर्द गांव में प्रधानमंत्री हर घर जल योजना की बदहाल स्थिति सामने आई है। यहां नलों से पानी आने के बजाय सड़क के अंदर से पानी निकल रहा है, जिससे प्रतिदिन हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित विभाग के अधिकारी और कर्मचारी इस समस्या की अनदेखी कर रहे हैं।

ग्रामीणों के अनुसार कसया-ऊंचडीह प्रधानमंत्री सड़क के दोनों किनारों पर हर घर जल योजना के तहत लगाए गए नल क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। नलों से जलापूर्ति होने के बजाय पाइपलाइन लीकेज के कारण सड़क के भीतर से पानी फूटकर बाहर आ रहा है। इससे एक ओर जहां बड़ी मात्रा में पानी बर्बाद हो रहा है, वहीं दूसरी ओर सड़क की मजबूती पर भी खतरा मंडरा रहा है।
गांव की गीता भारती, रामवृक्ष यादव, पुसी यादव, कल्लू विश्वकर्मा, श्यामलाल यादव, निरहुआ और गेना भारती समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि सड़क किनारे निकल रहे इसी पानी का उपयोग वे दैनिक कार्यों के लिए करते हैं। गर्मी और उमस से राहत पाने के लिए बच्चे भी इसी पानी में स्नान करते नजर आते हैं।

कई स्थानों पर ग्रामीणों ने सड़क किनारे गड्ढा बनाकर पानी एकत्र करने की व्यवस्था कर ली है। ग्रामीणों का कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च कर संचालित की गई प्रधानमंत्री हर घर जल योजना की जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। कागजों में योजना सफल दिखाई जा रही है, जबकि अधिकांश घरों में लगे नल शोपीस बनकर रह गए हैं। लगातार हो रहे जल रिसाव से हजारों लीटर पानी प्रतिदिन बर्बाद हो रहा है।
स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि यदि जल्द मरम्मत नहीं कराई गई तो पानी के लगातार रिसाव से प्रधानमंत्री सड़क भी क्षतिग्रस्त हो सकती है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही जिले के दौरे पर आने वाले प्रभारी मंत्री का भी इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान आकर्षित किया है।





