संवाददाता@संदीप अग्रहरी….
— लिलासी पुलिस चौकी के पास शीतल जल की व्यवस्था, राहगीरों और ग्रामीणों को मिल रही गर्मी से राहत

म्योरपुर क्षेत्र में पड़ रही भीषण गर्मी और तपती धूप के बीच सामाजिक संस्था सनातन जनभावना समिति ने मानव सेवा का सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत करते हुए लिलासी पुलिस चौकी के समीप नि:शुल्क प्याऊ सेवा शुरू की है। इस पहल से राहगीरों, ग्रामीणों और वाहन चालकों को स्वच्छ एवं शीतल पेयजल उपलब्ध हो रहा है।
समिति द्वारा व्यस्त मार्ग पर मिट्टी के मटकों में ठंडे पानी की व्यवस्था की गई है, जिससे बाजार आने-जाने वाले लोगों को पानी के लिए भटकना नहीं पड़ रहा है। गर्मी के इस कठिन दौर में शुरू की गई यह सेवा लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। समिति के कार्यकर्ता नियमित रूप से मटकों में स्वच्छ पानी भरकर व्यवस्था को सुचारु बनाए हुए हैं।

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि “मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और भीषण गर्मी में प्यासे को पानी पिलाना सबसे बड़ा पुण्य कार्य है।” उन्होंने कहा कि जब तक गर्मी का प्रकोप बना रहेगा, तब तक प्याऊ सेवा निरंतर जारी रहेगी।
उल्लेखनीय है कि सनातन जनभावना समिति (आरंगपानी, झरईलटोला, सोनभद्र) एक पंजीकृत संस्था है, जिसका पंजीकरण संख्या SON/07445/2025-2026 है। संस्था समय-समय पर विभिन्न सामाजिक एवं जनहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाती रही है।
इस जनसेवा कार्य की स्थानीय लोगों ने मुक्त कंठ से सराहना की है। वहीं क्षेत्रीय जनता और पुलिस प्रशासन ने समिति के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताया है।





