@जे0 के0…

Sonbhadra । आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज जन शिकायतों के निस्तारण में बरती जा रही लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने सख्त कार्रवाई की है। कलेक्ट्रेट सभागार स्थित जनसुनवाई कक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने पाया कि कई शिकायतों का निस्तारण शिकायतकर्ता की संतुष्टि प्राप्त किए बिना ही कर दिया गया, जिसके कारण असंतुष्ट फीडबैक की संख्या लगातार बढ़ रही है।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन एवं मंडल स्तर से बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद कई विभाग शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायतकर्ता से संवाद स्थापित कर उसकी संतुष्टि सुनिश्चित करने की व्यवस्था उपलब्ध है, लेकिन इसका समुचित पालन नहीं किया जा रहा है।

समीक्षा में उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) सोनभद्र की स्थिति सबसे खराब पाए जाने पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, अवर अभियंता सहित समस्त कर्मचारियों के जून-2026 माह के वेतन आहरण पर अग्रिम आदेश तक रोक लगाने के निर्देश दिए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि असंतुष्ट फीडबैक में सुधार नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के साथ निलंबन की संस्तुति भी की जाएगी। इसके अतिरिक्त तहसील दूद्धी में शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही मिलने पर तहसीलदार दूद्धी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने दो टूक कहा कि जन शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता, लापरवाही या औपचारिकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।





