@जे0 के0….

Sonbhadra। उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा रविवार को जनपद सोनभद्र में शांतिपूर्ण एवं कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई। परीक्षा 8, 9 और 10 जून तक दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहले दिन की प्रथम पाली में 2832 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया।
जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा को नकलविहीन, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित हो रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है। जनपद में कुल छह परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां छह पालियों में कुल 16,992 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।

जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह ने बताया कि रॉबर्ट्सगंज नगर स्थित आरएसएम इंटर कॉलेज, आदर्श इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज चुर्क, श्री चंद्रगुप्त मौर्य इंटर कॉलेज मधुपुर तथा राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज मुडीलाडीह थाना क्षेत्र घोरावल को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में परीक्षा कराई जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए छह स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल, अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार, क्षेत्राधिकारी सदर राज सोनकर तथा क्षेत्राधिकारी घोरावल राहुल पाण्डेय ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अभ्यर्थियों की प्रवेश व्यवस्था, चेकिंग एवं फ्रिस्किंग, सीसीटीवी निगरानी, प्रश्नपत्र एवं गोपनीय सामग्री की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, कंट्रोल रूम संचालन तथा कानून-व्यवस्था संबंधी तैयारियों का अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों एवं पुलिस अधिकारियों को परीक्षा को पूर्णतः नकलविहीन, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के निर्देश दिए।

परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा सभी परीक्षा केंद्रों के लिए लोकेशन क्यूआर कोड भी जारी किए गए हैं, जिससे अभ्यर्थियों को अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो और वे समय पर परीक्षा केंद्र पहुंच सकें।






