संवाददाता@संदीप अग्रहरी……

म्योरपुर थाना क्षेत्र के पड़री ग्राम पंचायत के कमरीडॉड गांव में बीती रात पुलिस टीम पर हमला और अभद्रता के मामले में मुकदमा दर्ज कर किया गया है। पुलिस ने सीएलए एक्ट की धारा समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। इस मामले में कई लोगों को नामजद किया गया है, जबकि 20 से 25 अज्ञात व्यक्तियों को भी आरोपी बनाया गया है। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। म्योरपुर थानाध्यक्ष रविकांत मिश्रा ने बताया कि बभनी थाने में तैनात उपनिरीक्षक अखिलेश पाठक की तहरीर पर यह मुकदमा दर्ज किया गया है।

तहरीर के अनुसार, नारी निकेतन से लौटी एक युवती को उसके परिजनों के घर पहुंचाने गई पुलिस टीम के साथ घर और आसपास के लोगों ने अभद्र व्यवहार किया और उनके वाहन पर हमला किया। पुलिस ने कमरीडॉड निवासी रोहित शर्मा, राहुल शर्मा, गुलाब शर्मा, धनेश्वर शर्मा और मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के बर्गबांध थाना क्षेत्र के तेंदुआ निवासी सुनील नाई को नामजद आरोपी बनाया है।इसके अतिरिक्त, एक पिकअप वाहन चालक मनोज शर्मा और 20-25 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक लगभग डेढ़ माह पहले युवती अपने नाबालिग प्रेमी के साथ घर से चली गई थी। जब दोनों वापस लौटे, तो युवती ने अपने माता-पिता के साथ जाने से इनकार कर दिया, जिसके बाद उसे नारी निकेतन भेजा गया था।
शनिवार को नारी निकेतन से लौटने के बाद युवती सीधे अपने प्रेमी के घर पहुंच गई। बाद में बभनी पुलिस की मौजूदगी में उसे उसके माता-पिता के घर भेजा गया, जहां यह विवाद हुआ। पुलिस ने इस मामले में तीन महिलाओं समेत कुल दस लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है।





