संवाददाता@मिथिलेश जायसवाल…..

कोन थाना क्षेत्र में एक अधेड की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सभा पीपरखड़ निवासी विजय चेरो(45) ग्राम सभा कचनरवा के बरवा टोला स्थित अपने दूर के रिश्तेदार के घर गया हुआ था। बताया जा रहा है कि विजय रात में वहीं रुका था, लेकिन देर रात करीब 10 बजे के आसपास उसने कथित रूप से फांसी लगा ली।
घटना की जानकारी सुबह होते ही क्षेत्र में तेजी से फैल गई। सूचना मिलने पर कोन थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और चर्चा का माहौल बना हुआ है।

मृतक युवक विजय चेरो के परिजनों का कहना है कि यह सामान्य आत्महत्या का मामला नहीं है। मृतक के भाई ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके भाई की हत्या की गई है और मामले को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो।
मृतक के भाई उदय का कहना है कि विजय किसी परेशानी में नहीं था और वह अपने रिश्तेदार के घर सामान्य रूप से गया था। ऐसे में अचानक उसकी मौत कई सवाल खड़े कर रही है। वहीं ग्रामीणों के बीच भी तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों,परिजनों के बयान तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले जांच पूरी होने का इंतजार करने की बात कही है।
अब सबकी नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी हुई है, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि विजय की मौत आत्महत्या थी या फिर इसके पीछे कोई और वजह है। यदि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों में सच्चाई पाई जाती है तो यह मामला हत्या में भी परिवर्तित हो सकता है।





