संवाददाता@कृपा शंकर पांडेय…….

चोपन थाना क्षेत्र के पटवध ग्राम पंचायत अंतर्गत मोरईया टोला के समीप घाघर नदी में डूबने से 17 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नवका टोला सलखन निवासी चांदनी गोंड (17) पुत्री रामकेवल शनिवार को घाघर नदी के किनारे गई थी। बताया जा रहा है कि नदी में बह रहे एक खिलौने को निकालने के प्रयास में वह पानी में उतर गई। इसी दौरान वह गहरे पानी की ओर चली गई और डूब गई। काफी देर तक उसके बाहर नहीं आने पर आसपास मौजूद लोगों ने उसकी तलाश शुरू की।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। सूचना पाकर चोपन थाना पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और खोजबीन शुरू कराई। बाद में किशोरी का शव नदी से बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में गहरे पानी में चले जाने के कारण डूबने से मौत की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
किशोरी की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं।





