@जे0 के0……..

Sonbhadra । जनपद के चोपन थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां प्रेम संबंध में विवाद के बाद एक युवक पर अपनी कथित प्रेमिका और उसके परिवार को धमकाने का आरोप लगा है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि युवक पिस्टल लेकर युवती की तलाश में घर पहुंचा, धमकी दी और युवती के न मिलने पर कच्चे मकान में आग लगा दी। घटना के बाद परिवार भय और दहशत के माहौल में जी रहा है। हालांकि पुलिस ने आगजनी की घटना से इनकार करते हुए मामले की जांच जारी होने की बात कही है।
जानकारी के अनुसार, कोटा ग्राम पंचायत निवासी एक नाबालिग युवती कोन थाना क्षेत्र के युवक दीपक के साथ लिव-इन रिलेशन में रह रही थी। किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि इसके बाद युवक दीपक प्रेमिका की तलाश में उसके घर पहुंचा और परिजनों से उसे बुलाने की मांग की।
युवती के दादा रामविचार का आरोप है कि युवक हथियार के साथ आया था और युवती को न बुलाने पर गोली मारने की धमकी दी। परिवार का कहना है कि युवक ने कथित रूप से पेट्रोल डालकर कच्चे मकान में आग लगा दी, जिससे घर में रखा सामान, कपड़े, नकदी, अनाज और जरूरी कागजात जल गए। युवती की बहन ने भी घर में आग लगाने और धमकी देने का आरोप लगाया है।

इधर, पुलिस उपाधीक्षक रणधीर मिश्रा ने बताया कि युवती की मां की तहरीर पर चोपन थाने में मारपीट और धमकी सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार आग लगाने की बात जांच में सही नहीं पाई गई है। वहीं सोशल मीडिया पर आरोपी युवक की हथियार के साथ तस्वीर मिलने पर अलग से वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

मामले को लेकर एक कथित ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसमें युवक प्रेमिका का पता बताने वाले को पैसे देने और गोली मारने की धमकी देता सुनाई दे रहा है। साथ ही वह 45 हजार रुपये में 9 एमएम पिस्टल खरीदने की बात भी कह रहा है। हालांकि वायरल ऑडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।





