मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

प्रदेशीय सीनियर महिला एथलेटिक्स/बैडमिंटन, सीनियर महिला कबड्डी, जूनियर बालक-बालिका बैडमिंटन और सबजूनियर बालक फुटबॉल प्रतियोगिताओं के लिए जिला स्तरीय चयन ट्रायल पांच सितंबर को तियरा स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे।

जिला क्रीड़ा अधिकारी के अनुसार सीनियर महिला एथलेटिक्स व बैडमिंटन का ट्रायल सुबह आठ बजे, सीनियर महिला कबड्डी का सुबह नौ बजे तथा जूनियर बालक-बालिका बैडमिंटन और सबजूनियर बालक फुटबॉल का ट्रायल सुबह 10 बजे होगा। चयन के बाद मंडल स्तरीय ट्रायल मिर्जापुर के स्पोर्ट्स स्टेडियम में पांच सितंबर को ही अलग-अलग समय पर कराया जाएगा।

जिला स्तर पर चयनित खिलाड़ियों को प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। एथलेटिक्स व बैडमिंटन प्रतियोगिता आठ से नौ सितंबर तक प्रयागराज, कबड्डी 15 से 17 सितंबर तक सहारनपुर, जूनियर बैडमिंटन 17 से 19 सितंबर तक उन्नाव तथा सबजूनियर फुटबॉल सात से 17 सितंबर तक आगरा में प्रस्तावित है।

इच्छुक खिलाड़ी निर्धारित समय पर आधार कार्ड और जन्म प्रमाणपत्र के साथ तियरा स्टेडियम पहुंचकर ट्रायल में भाग ले सकते हैं। सबजूनियर फुटबॉल खिलाड़ियों की जन्मतिथि एक जनवरी 2013 से 31 दिसंबर 2014 के बीच होनी चाहिए।

