संवाददाता@अमिताभ मिश्रा..…
— स्टेरिंग में बुरी तरह फंसा चालक, क्रेन की मदद से निकाला गया बाहर

रेणुकूट पुलिस चौकी क्षेत्र के खाड़पाथर मोड़ के समीप शुक्रवार की भोर में दो ट्रकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मार्ग पर लंबा जाम लग गया और अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद घायल चालक को बाहर निकालकर उपचार के लिए भेजा गया।
जानकारी के अनुसार डाला चौकी क्षेत्र के नौटोलिया निवासी रामभगत जिप्सम लदा ट्रक लेकर अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी डाला की ओर जा रहे थे। शुक्रवार की सुबह लगभग 4:30 बजे जैसे ही उनका ट्रक खाड़पाथर मोड़ के पास पहुंचा, तभी विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार खाली ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि जिप्सम लदे ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक रामभगत स्टेरिंग में बुरी तरह फंस गए।

हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय समाजसेवी विजय प्रताप सिंह ने अन्य लोगों की मदद से चालक को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन ट्रक के केबिन में बुरी तरह फंसे होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी। इसी बीच सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। घटना की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी जितेंद्र सरोज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने तत्काल क्रेन मंगवाकर दोनों दुर्घटनाग्रस्त ट्रकों को सड़क किनारे करवाया। काफी प्रयास और मशक्कत के बाद घायल चालक को केबिन से बाहर निकाला जा सका। इसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। जिप्सम लदे ट्रक को हटाने के लिए दूसरा इंजन मंगाया गया, जिसकी सहायता से वाहन को सड़क से किनारे किया गया।
कुछ देर की मशक्कत के बाद मार्ग पर आवागमन सामान्य हो सका। स्थानीय लोगों का कहना है कि खाड़पाथर मोड़ पर अक्सर तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम करने और भारी वाहनों की गति नियंत्रित कराने की मांग की है।






