@जे0 के0…..

Sonbhadra। मधुपुर-नौगढ़ रोड पर सोनभद्र-चंदौली सीमा के समीप मंगलवार को एक अनियंत्रित पिकअप वाहन ने पहले बाइक को टक्कर मार दी, जिसके बाद आगे जाकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक के पास खड़ी महिला व उसकी मासूम पुत्री समेत चार लोग घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, मधुपुर क्षेत्र की जरलहवा बस्ती के समीप नौगढ़ रोड पर लोहरा निवासी विजय अपनी पत्नी ममता (25) और चार वर्षीय पुत्री मिठ्ठी के साथ बाइक से जा रहा था। बताया गया कि विजय बाइक खड़ी कर पास की गुमटी में पानी लेने गया था, तभी तेज रफ्तार व अनियंत्रित पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक के समीप खड़ी ममता और उनकी पुत्री घायल हो गईं। दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मधुपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

बाइक को टक्कर मारने के बाद पिकअप वाहन आगे जाकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रॉली में सवार नौगढ़ थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव निवासी नग्गू राम (60) पुत्र चेखरी तथा रामलखन (60) पुत्र स्व. बसन्तू ट्रॉली के नीचे दब गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं ट्रॉली में सवार विजय और मटरू को मामूली चोटें आईं।
बताया गया कि सभी लोग मधुपुर की झपरी बस्ती से खपरैल लेकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से अपने गांव डुमरिया लौट रहे थे। मधुपुर सीमा पार करते ही हादसा हो गया। सूचना पर पहुंची नौगढ़ (चंदौली) पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया तथा शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।