संवाददाता@संदीप अग्रहरी….

म्योरपुर विकास खंड म्योरपुर अंतर्गत ग्राम किरवानी में सोमवार दोपहर अचानक लगी भीषण आग में एक दलित परिवार का खपरैल मकान जलकर पूरी तरह खाक हो गया। घटना के बाद परिवार के सामने रहने और रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है।
जानकारी के अनुसार जनकधारी पुत्र स्व. लकेसर एवं रामेश्वर पुत्र जनकधारी निवासी किरवानी के घर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा खपरैल मकान उसकी चपेट में आ गया। घर में मौजूद महिलाओं ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। ग्रामीणों ने आग बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन तेज लपटों के आगे किसी की एक न चली।

घटना की सूचना पर 112 पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। तब तक मकान पूरी तरह जल चुका था। हालांकि फायर ब्रिगेड की मदद से आसपास फैल रही आग और अंगारों को बुझाकर बड़ी घटना होने से बचा लिया गया।
पीड़ित रामेश्वर ने दुखी मन से बताया कि मजदूरी कर किसी तरह परिवार का भरण-पोषण करते थे, लेकिन आग लगने से उनका पूरा आशियाना जल गया। उन्होंने कहा कि इस भीषण गर्मी में अब परिवार के सामने रहने तक का संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित परिवार ने तहसील प्रशासन से आर्थिक सहायता एवं राहत उपलब्ध कराने की मांग की है।