संवाददाता@विशाल टंडन…..

सोनभद्र जिले में अगले तीन दिनों तक मौसम का मिजाज बेहद तल्ख रहने वाला है। मौसम केंद्र लखनऊ द्वारा जारी प्रभाव आधारित पूर्वानुमान एवं चेतावनी के अनुसार जिले में 24 मई से 27 मई तक उष्ण लहर से लेकर भीषण उष्ण लहर चलने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही मेघगर्जन, वज्रपात और तेज धूलभरी हवाएं लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती हैं। मौसम विभाग ने सोनभद्र को संवेदनशील जिलों में शामिल करते हुए विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
पूर्वानुमान के मुताबिक 24 मई को जिले में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जबकि तेज धूलभरी हवाएं 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल सकती हैं। 25 और 26 मई को सोनभद्र में कहीं-कहीं गरज चमक के साथ हल्की बारिश और बौछारें पड़ने के आसार हैं। वहीं 27 मई तक गर्मी का प्रकोप बना रहेगा। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि मेघगर्जन और वज्रपात के दौरान हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तथा झोंकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

विभाग के अनुसार लगातार बढ़ते तापमान के कारण दिन में लू तथा रात में उमस और गर्मी लोगों को परेशान करेगी। खासकर बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और पहले से बीमार लोगों के स्वास्थ्य पर इसका प्रतिकूल असर पड़ सकता है। खुले में काम करने वाले मजदूर, किसान और खनन क्षेत्र से जुड़े श्रमिकों को हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन का खतरा अधिक बताया गया है। मौसम विभाग ने किसानों को भी सतर्क रहने की सलाह दी है।
तेज हवा और आंधी से खड़ी फसलों, बागवानी और सब्जियों को नुकसान पहुंच सकता है। वहीं कमजोर मकानों, टीनशेड और पेड़ों के गिरने का भी खतरा बना रहेगा। बिजली व्यवस्था और यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि दोपहर के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थ का सेवन करें तथा हल्के सूती कपड़े पहनें।
आंधी और बिजली चमकने के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े न हों और सुरक्षित स्थानों पर शरण लें। किसानों और पशुपालकों को भी विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।