संवाददाता@अमिताभ मिश्रा….

नगर में बुधवार को सभी मेडिकल स्टोर एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल के तहत बंद रहे। दवा दुकानदारों ने ऑनलाइन माध्यम से हो रही दवाओं की बिक्री के विरोध में यह आंदोलन किया। व्यापारियों का कहना है कि ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट तथा ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट के आह्वान पर जिले भर के दवा विक्रेताओं ने हड़ताल में भाग लिया।
दवा व्यापारियों ने आरोप लगाया कि बिना किसी स्पष्ट वैधानिक प्रावधान के ऑनलाइन दवाओं की बिक्री की जा रही है। फर्जी ई-प्रिस्क्रिप्शन, बिना वैध चिकित्सकीय परामर्श के घर-घर दवा वितरण और भारी छूट जैसी गतिविधियां मरीजों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन चुकी हैं।

उनका कहना था कि इससे देशभर के लाखों लाइसेंसधारी छोटे केमिस्ट और दवा व्यापारियों के सामने भी अस्तित्व का संकट खड़ा हो गया है। व्यापारियों ने कहा कि वर्ष 2018 में केवल जनमत आमंत्रित करने के उद्देश्य से जारी अधिसूचना अब अप्रासंगिक हो चुकी है।
कोविड महामारी के दौरान जारी किए गए विशेष प्रावधानों की आवश्यकता केवल आपातकालीन परिस्थितियों में थी, लेकिन वर्तमान में सामान्य परिस्थितियों में भी विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और ई-कॉमर्स कंपनियां इसका दुरुपयोग करते हुए अनियंत्रित होम डिलीवरी कर रही हैं। दवा विक्रेताओं ने बताया कि इस संबंध में समय-समय पर केंद्र सरकार और संबंधित प्राधिकरणों को प्रमाण सहित शिकायतें दी गईं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने मांग की कि अवैध ऑनलाइन दवा बिक्री तत्काल बंद की जाए, बिना सत्यापित ई-प्रिस्क्रिप्शन के दवाओं की बिक्री और होम डिलीवरी पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए तथा ऑनलाइन दवा बिक्री से जुड़े जारी सर्कुलर को वापस लिया जाए। साथ ही ऑनलाइन कंपनियों द्वारा दी जा रही अत्यधिक छूट नीति पर भी रोक लगाने की मांग की गई।
हड़ताल के दौरान वेद प्रकाश सिंह, सुशील कुमार, अब्दुल कादरी, रवि मौर्य, राजेश कुमार, तेज प्रताप, योगेंद्र शर्मा, दिलीप सिंह, केपी सिंह, आदित्य शुक्ला, सत्येंद्र कुमार, बीके मलिक और राजू शाह सहित बड़ी संख्या में दवा व्यापारी मौजूद रहे।